रामगढ़। कृषि एवं अन्य संबद्ध विभागों द्वारा जिले में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कृषि, पशुपालन, गव्य विकास, मत्स्य पालन, उद्यान, भूमि संरक्षण सहित अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी परियोजना उप निदेशक आत्मा से प्राप्त की। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025–26 में संचालित योजनाओं एवं फसल आच्छादन के तहत प्रखंडवार अब तक हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कृषि योजनाओं की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अभियान मोड में कार्य करते हुए योग्य लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया। वहीं झारखंड कृषि ऋण माफी योजना एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा के दौरान लंबित ई-केवाईसी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का आदेश दिया गया।
किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) को लेकर हो रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि कृषि के साथ-साथ पशुपालन एवं मत्स्य पालन से जुड़े लाभुकों को भी केसीसी योजना से आच्छादित किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना सहित पशुपालन से संबंधित अन्य योजनाओं के लाभुकों को केसीसी उपलब्ध कराने को लेकर जिला अग्रणी प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके साथ ही उपायुक्त ने जिला मत्स्य पदाधिकारी डॉ. आरूप कुमार चौधरी को मत्स्य पालन से जुड़े लाभुकों को केसीसी का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने उद्यान, मत्स्य, भूमि संरक्षण सहित अन्य कृषि संबद्ध विभागों को विगत एवं वर्तमान वित्तीय वर्ष में किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा।

