जगन्नाथपुर में बालू माफियाओं पर प्रशासन का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, SDO ने खुद सड़क पर उतरकर पकड़े 4 ट्रैक्टर

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में अवैध बालू के काले कारोबार पर प्रशासन ने कड़ा प्रहार किया है। शनिवार सुबह अनुमंडल पदाधिकारी महेंद्र छोटन उरांव ने एक औचक कार्रवाई करते हुए बालू लदे चार ट्रैक्टरों को रंगे हाथों धर दबोचा। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके के बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

गुप्त सूचना पर SDO की घेराबंदी
प्रशासन को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि जैंतगढ़ और मझगांव के रास्तों से अवैध बालू की तस्करी धड़ल्ले से जारी है। शनिवार सुबह जब गुप्त सूचना मिली कि ट्रैक्टरों का काफिला जगन्नाथपुर की ओर बढ़ रहा है, तो SDO महेंद्र छोटन उरांव ने बिना समय गंवाए खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने प्रखंड कार्यालय के सामने घेराबंदी की और अवैध बालू लेकर आ रहे चार ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया।

थाने में ट्रैक्टर जब्त, मालिकों पर FIR की तैयारी
पकड़े गए ट्रैक्टरों को जगन्नाथपुर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा करा दिया गया है। प्रशासन के अनुसार कुल 4 ट्रैक्टर (2 जैंतगढ़ और 2 मझगांव क्षेत्र के) जब्त किए गए है। सभी वाहन मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Advertisement

करोड़ों के राजस्व का लग रहा चूना
क्षेत्र की प्रमुख नदियों जैसे मुंडुंई, मुगरिया, घाघरबेड़ा, खुटियापदा, कंगिरा, नीलकंठ और मोंगरा नदी से माफिया अवैध रूप से बालू का उत्खनन कर रहे हैं। इस अवैध खेल से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि सरकार को भी हर साल करोड़ों रुपये के राजस्व की चपत लग रही है। इस कार्रवाई के बाद से बालू के अवैध परिवहन में लगे अन्य ट्रैक्टर चालक और माफिया रास्ते बदलकर भागते नजर आए। क्षेत्र में चर्चा है कि प्रशासन की यह सख्ती आगे भी जारी रह सकती है।

Share This Article