देश की राजधानी दिल्ली के बाद बिहार के मुजफ्फरपुर में भीषण अग्निकांड हुआ है। जिले के प्रसाद हॉस्पिटल में गुरुवार तड़के तीन बजे आग लग गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौत की खबर आ रही है। माना जा रहा है कि मरने वालों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और सर्च ऑपरेशन में दमकल विभाग की टीमें जुटी हैं।
मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा इलाके में स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में गुरुवार तड़के भीषण आग लगी है। यह आग सुबह करीब 3 बजे लगी है। अस्पताल के पांचवें तल्ले पर आईसीयू में यह आग लगी है। आग लगने से अब तक 10 लोगों की मौत की खबर है। इस अग्निकांड में 15 से ज्यादा लोग जख्मी हैं।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
अस्पताल में अचानक भड़की इस आग का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, यह पूरी तरह से विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही साफ हो सकेगा। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना के उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
आईसीयू में लगी आग पूरे परिसर में फैली
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग अस्पताल की ऊपरी मंजिल स्थित आईसीयू में लगी, जिसके बाद पूरे परिसर में धुआं फैल गया और मरीजों व उनके परिजनों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्पताल कर्मियों ने मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन धुआं तेजी से पूरे फ्लोर में फैल गया, जिससे राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं। जब तक बचाव का काम होता, तब तक कई लोगों की जान चली गई थी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया गया।
दिल्ली के मालवीय नगर में 20 की हुई थी मौत
एक दिन पहले ही दिल्ली के मालवीय नगर के एक होटल में अग्निकांड ने लोगों को झकझोर दिया था। दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक होटल में आग लगने से 20 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।

