बिहार के लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है। बिहार में 4 लाख रुपये तक की सालाना कमाई करने वाले लोगों को अब मुफ्त इलाज दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में ये महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है।
अब 4 लाख आय वाले मरीजों को भी मिलेगा अनुदान
कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष से राज्य के मरीजों को इलाज के लिए मिलने वाले अनुदान के नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। इलाज के लिए पूर्व से निर्धारित वार्षिक आय सीमा, जो पहले 2 लाख 50 हजार रुपये थी, उसे अब बढ़ाकर सीधे 4 लाख रुपये कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना के तहत मिलेगा लाभ
यह मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना के तहत दिया जाएगा। इस फैसले से अब राज्य के लाखों गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सरकारी सहायता मिल सकेगी। अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष के इलाज के लिए अनुदान पाने की न्यूनतम आय सीमा 2.5 लाख रुपये से बढ़ा कर 4 लाख रुपये करने का फैसला लिया गया है।
कुल 13 एजेंडों पर मुहर
बिहार कैबिनेट की बैठक में कुल 13 एजेंडों पर मुहर लगी। पर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैबिनेट की बैठक में प्रदेश के विकास और आम लोगों के हित से जुड़े 13 प्रस्तावों को सरकार ने मंजूरी दी है। जिसमें स्वास्थ्य से लेकर कौशल विकास, मत्स्य, डेयरी, उद्योग और प्रशासनिक सुधार जैसे अहम फैसले लिये गए हैं।
रोजगार और कौशल विकास पर जोर
बैठक में युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत ‘सात निश्चय-3’ के तहत तय किए गए दुगुना रोजगार के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बिहार सरकार ने नई पहल की है। बिहार कौशल विकास मिशन के आवश्यकताओं के तहत रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जाएगा। उत्पादकता कार्यक्रम के कारण प्रभावित होने वाले कार्यों को देखते हुए, पूर्व स्वीकृत पदों के अतिरिक्त 19 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। इसके लिए सरकार सालाना 2 करोड़ 24 लाख 37 हजार रुपये की राशि खर्च करेगी।
दरभंगा AIIMS परियोजना को मिली गति
कैबिनेट ने दरभंगा में प्रस्तावित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के लिए चयनित भूखंड पर मिट्टी भराई और समतलीकरण कार्य कराने का फैसला लिया। इसके लिए निकटवर्ती नदियों की उड़ाही से प्राप्त मिट्टी का उपयोग किया जाएगा। इस कार्य को जल संसाधन विभाग के माध्यम से कराने और इसके लिए राशि उपलब्ध कराने की भी स्वीकृति दी गई।
मधुबनी में 83.25 करोड़ रुपये से बनेगा अनाज साइलो
मेसर्स लीप एग्री लाजिस्टिक (मधुबनी) प्राइवेट लिमिटेड को राजनगर रेलवे स्टेशन के निकट परिहारपुर में 50 हजार मीट्रिक टन क्षमता के अनाज भंडारण साइलो निर्माण की स्वीकृति दी है। परियोजना में 83.25 करोड़ रुपये का निजी निवेश होगा। इकाई स्थापित होने से राज्य में आधुनिक भंडारण सुविधा विकसित होगी तथा 109 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।

