मौसम का मिजाज अब बदलने लगा है। ठंड कम होते ही गर्मी की आहट भी होने लगी है। कुछ ही दिनों में वृक्षों पर नई-नई काेपलें आ जाएंगी और वे हरे-भरे हो जाएंगे। इसी तरह अधिकतर फूल खिलने लगे हैं। प्रकृति अपनी खूबसूरती की ओर बढ़ने लगी है।
उधर, पूर्वी दिशा से आ रही ठंडी हवा ने एक बार फिर राजधानी समेत पूरे झारखंड के मौसम का मिजाज बदल दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने भी पूर्वानुमान में इस बात की जानकारी दी है कि अगले चार से पांच दिनों तक पूरे राज्य का मौसम शुष्क रहेगा।
21 फरवरी के बाद से आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे, जिससे वर्षा होने की संभावना भी जताई गई है। हालांकि, वर्षा होने पर ठंड बढ़ सकती है। यह भी बताया गया कि राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, साहिबगंज के कुछ हिस्सों में 21 व 22 फरवरी को कुछ जगहों पर वर्षा होने की संभावना है।
वहीं, 23 फरवरी को दक्षिण पूर्वी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा व सरायकेला खरसावां के साथ साथ पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। राजधानी रांची में भी 21 व 22 फरवरी को आंशिक बादल छाए रहेंगे। मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में इसका असर 20 फरवरी से देखने को मिलेगा। राज्य में अगले 3 से 4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है। हालांकि वर्षा के बाद कुछ राहत मिलेगी।