जमुई में गरजे अमित शाह: बोले – पाकिस्तान पर गिरेगा ‘जमुई में बना गोला बारूद’, NDA को दें प्रचंड बहुमत

KK Sagar
2 Min Read

जमुई। देश के गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को अपने चुनावी दौरे के दौरान जमुई में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जनता से अपील की कि वे जमुई की लोकप्रिय विधायक श्रेयसी सिंह को भारी मतों से विजयी बनाएं और NDA गठबंधन को प्रचंड बहुमत से जिताएं।

अमित शाह ने कहा कि जमुई के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विकास के कार्य हुए हैं, और NDA सरकार आगे भी विकास की गंगा बहाती रहेगी। उन्होंने घोषणा की कि जमुई में इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और ऑर्डिनेंस फैक्ट्री स्थापित की जाएगी।

उन्होंने कहा, “जमुई में ऑर्डिनेंस कॉरिडोर बनेगा और देश के वीर सैनिकों के लिए गोला-बारूद यहीं तैयार होगा। पाकिस्तान या आतंकवाद अगर कोई हिमाकत करेगा, तो गोली नहीं, गोले से जवाब दिया जाएगा। इस बार पाकिस्तान में जो गोला गिरेगा, वह विदेशी नहीं बल्कि हमारे जमुई में बना हुआ होगा।”

शाह ने आगे कहा कि जनता अगर एक बार फिर नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की जोड़ी पर भरोसा जताती है, तो बिहार को पूर्ण विकसित राज्य बनाने का सपना साकार किया जाएगा।

उन्होंने क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएँ भी कीं —

गिधौर स्टेडियम का पुनर्निर्माण किया जाएगा।

झाझा के नागी-नकटी जलाशय को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

500 करोड़ रुपए की लागत से मेडिकल कॉलेज जमुई अनुमंडल में बनाया जाएगा।

चकाई में डिग्री कॉलेज की स्थापना की जाएगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....