जनता दल यूनाईटेड के विधायक अनंत सिंह ने राज्यसभा के लिए वोटिंग किया। अनंत सिंह वोट देने के लिए बेऊर जेल से सीधे विधानसभा पहुंचे। इस दौरान अनंत सिंह ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगला विधानसभा चुनाव अब वह नहीं लड़ेंगे। वहीं, वोट डालने के बाद वे जेल वापस लौट गए।
चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा
राज्यसभा चुनाव में वोटिंग के लिए जेल से सीधे विधानसभा पहुंचे अनंत सिंह ने कहा कि वे अब चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार नहीं रहेंगे तो वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे बाल बच्चे अब चुनाव लड़ेंगे।
नीतीश ही रहेंगे जदयू के नेता-अनंत सिंह
अनंच सिंह ने आगे कहा कि नीतीश कुमार भले ही राज्यसभा जा रहे हो लेकिन हमारे दल के नेता रहेंगे। जेल से निकलने की बात पर उन्होंने कहा कि जल्द ही जेल से बाहर निकलेंगें। वे एक महीना में जेल से बाहर आ जाएंगे, समर्थक उदास नहीं हों।
निशांत में मुख्यमंत्री बनने के सभी गुण-अनंत सिंह
नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को लेकर भी बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि निशांत में मुख्यमंत्री बनने के सभी गुण मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह बड़े नेता तय करेंगे।
दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेल में हैं बंद
बता दें कि मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह को एमपी-एमएलए कोर्ट ने राज्यसभा चुनाव में मतदान करने की अनुमति दी थी। दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना की बेऊर जेल में बंद अनंत सिंह ने कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस की निगरानी में सुबह 10 बजे के बाद विधानसभा पहुंचकर वोट डाला और मतदान के बाद फिर से जेल लौट गए।राज्यसभा चुनाव में अनंत सिंह का एक वोट भी एनडीए के लिए अहम है, क्योंकि एनडीए के पांचवें उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए तीन अतिरिक्त वोटों की जरूरत है।

