बाघमारा। बीसीसीएल ब्लॉक टू क्षेत्र में मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब 14 नंबर हाजिरी घर के समीप कर्मियों पर ग्रामीणों के एक समूह ने दिनदहाड़े हमला कर दिया। घटना के दौरान लाठी-डंडों से लैस लोगों ने अचानक धावा बोल दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बीसीसीएल कर्मी और ट्रेड यूनियन के नेता हाजिरी बनाकर अपने-अपने कार्यस्थल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने हमला करते हुए उन्हें हाजिरी घर से खदेड़ दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कोलियरी क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण को इस कार्रवाई का कारण बताया और कुछ वाहनों को भी निशाना बनाने की कोशिश की।
घटना के विरोध में कर्मियों और ट्रेड यूनियन नेताओं ने काम ठप कर दिया और ब्लॉक टू महाप्रबंधक कार्यालय में एकत्र होकर सुरक्षा की मांग की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में हमले की पुष्टि हुई है।
महाप्रबंधक राजीव कुमार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद कर्मी वापस काम पर लौटे। हालांकि, खबर लिखे जाने तक बाघमारा थाना में मामला दर्ज नहीं किया गया था।
एहतियात के तौर पर क्षेत्र में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों को तैनात कर दिया गया है। वहीं, घटना की कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों को CISF द्वारा रोके जाने से नाराजगी भी सामने आई है।
ट्रेड यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस घटना के बाद बीसीसीएल क्षेत्र में काम कर रहे कर्मियों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

