मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह का कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए विवादित बयान का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है। इसी बीच मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के एक विवादित बयान देकर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सेना पर अभद्र टिप्पणी की है। उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा, पूरा देश, देश की सेना और सैनिक प्रधानमंत्री मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं। इस बयान को लेकर आरोप लग रहे हैं कि उन्होंने भारतीय सेना का अपमान किया है।

जगदीश देवड़ा ने क्या कहा?
मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम गुरुवार को जबलपुर के दौरे पर थे। जहां, एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवड़ा ने कहा कि मन में बहुत क्रोध था, जो नजारा हमने देखा, जो पर्यटक घूमने गए थे, वहां चुन-चुनकर, धर्म पूंछ-पूंछकर, महिलाओं को एक तरह खड़ा करके, बच्चों के सामने पुरुषों को गोली मार दी गई। उस दिन से देश के लोगों में बहुत तनाव था, जब तक इसका बदला नहीं लिया जाएगा। जिन आतंकवादियों ने माताओं का सिंदूर मिटाया, और आतंकवादियों को जो पाल रहे हैं, उनको जब तक नेस्तनाबूद नहीं करते, तब तक चैन की सांस नहीं लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हम धन्यवाद देना चाहेंगे। देश की सेना और सैनिक उनके चरणों में नतमस्तक हैं, पूरा देश नतमस्तक है। उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है।
पहले विजय शाह के बयान पर विवाद
इससे पहले प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री विजय शाह भी अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर चुके हैं। मंत्री विजय शाह ने 12 मई को महू के रायकुंडा गांव में आयोजित सार्वजनिक समारोह में कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया था। हलमा कार्यक्रम में मंत्री शाह ने पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए कहा- जिन आंतकियों ने पहलगाम में लोगों को मारा, उनके कपड़े उतरवाए, हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हीं (आंतकियों) की बहन को भेजकर उनकी ऐसी-तैसी करा दी। इसके अलावा भी मंत्री शाह ने अपने बयान में आपत्तिजनक भाषा का उपयोग किया था।
बीजेपी की मुश्किलें बढ़ी
अब उप मुख्यमंत्री के इस कथन ने बीजेपी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों ने देवड़ा से सार्वजनिक माफी की मांग की है और राज्यपाल से शिकायत कर बयान को राष्ट्र की सुरक्षा भावना के खिलाफ बताया है। वहीं, बीजेपी नेताओं ने देवड़ा का बचाव करते हुए कहा कि उनका बयान गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।