बिहार पहुंचने से पहले हज़ारीबाग में पकड़ी गई 70 लाख की शराब, 935 कार्टन से भरा ट्रक जब्त

KK Sagar
2 Min Read

हजारीबाग जिले की बरकट्ठा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। इसे जिले में अब तक की सबसे बड़ी शराब बरामदगी में से एक माना जा रहा है। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने बरकट्ठा थाना क्षेत्र स्थित झारखंड होटल के समीप सड़क किनारे खड़े 12 चक्का ट्रक (UK 18 CA 6133) की तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक से 935 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई।

बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप बिहार भेजी जानी थी। पुलिस ने ट्रक चालक दलजीत सिंह, निवासी उत्तराखंड, को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका अंतिम गंतव्य कौन था।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....