रामगढ़ – पीवीयूएनएल पतरातू प्लांट में बड़ा हादसा, एसीसी डक्ट सील फटने से 11 मजदूर घायल

KK Sagar
2 Min Read

रामगढ़ (भुरकुंडा)। रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र में स्थित पीवीयूएनएल (पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड) प्लांट में शनिवार को एक गंभीर औद्योगिक दुर्घटना घटित हुई। निर्माणाधीन यूनिट-2 में कार्य के दौरान एसीसी (एयर कंडीशनिंग कोल्ड) डक्ट में लगी प्लेट सील अचानक टूट गई, जिससे वहां काम कर रहे 11 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्य आरपीपी कंपनी के 9 तथा भेल के 2 मजदूर मिलकर कर रहे थे। यूनिट-1 और यूनिट-2 के एसीसी डक्ट सेक्शन में प्लेट सील लगाने का काम चल रहा था, तभी तकनीकी खराबी के कारण प्लेट सील अचानक फट गई। घटना इतनी तेज थी कि मौके पर विस्फोट जैसी स्थिति बन गई और वहां अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया

हादसे के तुरंत बाद सभी घायल मजदूरों को पीटीपीएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

बताया गया कि घायल मजदूर मुख्य रूप से गढ़वा और पलामू जिले के निवासी हैं।

जांच समिति गठित, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद पीवीयूएनएल प्रशासन ने तत्काल जांच के लिए एक समिति का गठन कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि प्लांट की अन्य गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।

वहीं इस हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। कई लोगों ने इसे प्रबंधन और ठेकेदार कंपनियों की लापरवाही का परिणाम बताया है। उनका कहना है कि यदि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाता, तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....