चैनपुर : पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में हुए चर्चित गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, वहीं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर फायरिंग हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस गोलीकांड में सिकंदर चौधरी की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे।
घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल के साथ क्यूआरटी टीम की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

