बिहार में होली से पहले पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई हुई है। मोतिहारी में बिना पूर्व सूचना ड्यूटी से गायब रहने वाले 37 सिपाहियों को एसपी स्वर्ण प्रभात ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दरअसल बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधीक्षकों को होली और रमजान को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर कई तरह के निर्देश दिए हैं। इस बीच बिना पूर्व सूचना ड्यूटी से गायब रहना 37 सिपाहियों को भारी पड़ गया।
37 प्रशिक्षु सिपाही ड्यूटी से मिले गायब
पूर्वी चंपारण पुलिस द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार होली के मद्देनजर बुनियादी प्रशिक्षण केंद्र, मोतिहारी में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षुओं की विभिन्न थानों में प्रतिनियुक्ति की गई थी। दो मार्च को उपस्थिति जांच के दौरान 37 प्रशिक्षु सिपाही ड्यूटी से अनुपस्थित अथवा थाना में योगदान नहीं करते पाए गए।
सात दिनों के अंदर देना होगा जवाब
बयान में आगे कहा गया है कि होली जैसे संवेदनशील पर्व पर यह कृत्य उनकी कर्तव्यहीनता, अनुशासनहीनता एवं वरीय पदाधिकारी के आदेशों की अवहेलना को दर्शाता है। ऐसी स्थिति में इन सभी प्रशिक्षु सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित किया जाता है एवं विभागीय कार्रवाई के विरुद्ध सात दिनों के अंदर स्पष्टीकरण समर्पित करने का आदेश दिया जाता है। इ सख्त कदम के बाद पूरे जिले में खाकी महकमे में हड़कंप मच गया है।
पूरे बिहार में 30 हजार अतिरिक्त जवान तैनात
बता दें कि होली को लेकर पूरे बिहार में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील जिलों में 30 हजार अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ होम गार्ड और त्वरित कार्य बल (RAF) की टीमें भी मुस्तैद हैं। सभी जिलों को दंगा निरोधी उपकरणों से लैस किया गया है, ताकि सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहे।

