रेलवे रनिंग कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, भत्ते में वृद्धि और एरियर भुगतान का रास्ता साफ

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद : रेलवे के लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर जैसे रनिंग कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से लंबित रनिंग भत्ते में वृद्धि का मामला अब सुलझने की ओर है। रेलवे बोर्ड ने इस पर जल्द आदेश जारी करने की सहमति दे दी है, जिससे हजारों कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।

दरअसल, सातवें वेतन आयोग की अनुशंसा के अनुसार महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत होने पर अन्य सभी भत्तों में 25 प्रतिशत की वृद्धि लागू की जानी थी। 1 जनवरी 2024 से महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत हो जाने के बाद अधिकांश भत्तों में बढ़ोतरी कर दी गई थी, लेकिन रनिंग कर्मचारियों को मिलने वाले भत्ते में यह बढ़ोतरी लागू नहीं की गई थी।

इस मुद्दे को लेकर रेलवे के सबसे बड़े श्रमिक संगठन ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (AIRF) ने लगातार आवाज उठाई। संगठन ने कई उच्च स्तरीय बैठकों में इसे प्रमुखता से रखा और देशभर में जोनल यूनियनों के माध्यम से धरना-प्रदर्शन भी किया।

एआईआरएफ के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा ने न सिर्फ रेलवे बोर्ड बल्कि वित्त मंत्रालय तक इस मुद्दे को पहुंचाया। इसके बाद 19 अगस्त 2025 को वित्त मंत्रालय ने रनिंग भत्ते में वृद्धि के लिए अपनी सहमति दे दी थी, लेकिन इसके बावजूद रेल मंत्रालय स्तर पर मामला लंबित था।

हाल ही में 16-17 फरवरी 2026 को हुई विभागीय समिति की बैठक में इस मुद्दे को फिर जोरदार तरीके से उठाया गया। बैठक में रेलवे बोर्ड की टालमटोल नीति पर नाराजगी जताते हुए तत्काल भत्ते में वृद्धि और 1 जनवरी 2024 से एरियर भुगतान की मांग की गई। इस पर रेलवे बोर्ड ने जल्द आदेश जारी करने का आश्वासन दिया है।

ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECRKU) के नेताओं ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह सफलता रनिंग कर्मचारियों के निरंतर आंदोलन और एआईआरएफ के मजबूत नेतृत्व का परिणाम है।

यूनियन से जुड़े कई लोको पायलट और ट्रेन मैनेजरों ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही आदेश जारी होगा और उन्हें लंबित एरियर के साथ बढ़ा हुआ भत्ता मिल सकेगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....