पटना एयरपोर्ट पर भी इंडिगो संकट का असर देखा जा रहा है। पिछले कई दिनों से जारी फ्लाइट कैंसिलेशन से पटना एयरपोर्ट पर भी लोगों को बारी परेशानुयों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार तीसरे दिन भी फ्लाइट ऑपरेशंस बुरी तरह प्रभावित रहे। मंगलवार को स्थिति और गंभीर हो गई जब एक ही दिन में 24 उड़ानें रद्द कर दी गईं।

पटना से उड़ानों का संचालन पूरी तरह बिगड़ा हुआ नजर आया। पटना से हैदराबाद और दिल्ली रूट की उड़ानों पर सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। यह सब तब हुआ जब एयरलाइन इंडिगो ने दावा किया है कि उसने अपने पूरे नेटवर्क को बहाल कर लिया है और 91% ऑन-टाइम परफॉर्मेंस के साथ संचालन को स्थिर कर लिया है।
इंडिगो ने बताया ‘ऑपरेशनल कारण’
पटना एयरपोर्ट पर मंगलवार को लगातार तीसरे दिन उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित रहा। आज 24 उड़ानें रद्द कर दी गईं। हैदराबाद को जाने वालीं 8 और दिल्ली जाने वालीं 6 उड़ानें रद्द कर दी गईं। इससे यात्री फंस गए। इंडिगो ने ‘ऑपरेशनल कारण’ बताते हुए उड़ानें रद्द किए जाने की पुष्टि की है। रद्द की गई 24 उड़ानों में 10 इनबाउंड और 14 आउटबाउंड हैं।
इंटरनेशनल यात्रियों को भारी नुकसान
सबसे अधिक दिक्कत उन यात्रियों को हुई जिनकी दिल्ली या हैदराबाद से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें थीं। अचानक कैंसिलेशन के कारण कई लोगों की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई। विदेश में पढ़ने वाले छात्रों, कामकाजी लोगों और मेडिकल मरीजों को भारी मानसिक दबाव झेलना पड़ा।
दूसरी एयरलाइनों ने टिकट दरें बढ़ाईं
बड़ी संख्या में उड़ानों के रद्द होने पर एयरपोर्ट पर परेशान यात्रियों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। कई यात्रियों ने 3–4 घंटे तक इंतजार के बाद कैंसिलेशन की जानकारी मिलने पर नाराजगी जताई। एक तरफ इंडिगो की उड़ानें रद्द हुईं तो दूसरी तरफ दूसरी एयरलाइनों ने टिकटों की दरें जमकर बढ़ा दीं।

