Bihar: उपेंद्र कुशवाहा के तीनों नाराज विधायक साथ आए नजर, टूट की खबरों के बीच तस्वीर के सियासी संकेत

Neelam
By Neelam
2 Min Read

उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के भीतर घमासान मचा हुआ है। पार्टी में टूट की आशंकाओं के बीच अब एक नया राजनीतिक संकेत सामने आया है। पार्टी के तीनों विधायक रामेश्वर महतो, आलोक सिंह और माधव आनंद ने सोशल मीडिया पर साझा तस्वीर के जरिए अपनी एकजुटता का संदेश दिया है।

एक फ्रेम में नाराज विधायक

उपेंद्र सिंह कुशवाहा की पार्टी आरएलएम के कुल चार विधायक बिहार में हैं। इन चार में तीन विधायकों के नाराज होने की खबरें आ रही हैं। बाजपट्टी विधायक रामेश्वर महतो, मधुबनी से माधव आनंद और दिनारा के विधायक आलोक कुमार सिंह उपेंद्र कुशवाहा से नाखुश हैं। नाराज विधायक एक बार फिर से एक साथ एक फ्रेम में नजर आ रहे हैं।

रामेश्वर महतो ने साझा की तस्वीर

विधायक रामेश्वर महतो ने सोशल मीडिया पर आलोक सिंह और माधव आनंद के साथ एक तस्वीर साझा की है। पोस्ट में लिखा गया है, “हम सब एकजुट हैं, आज भी साथ हैं और आगे भी साथ रहेंगे। एनडीए की मजबूती और बिहार के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ हम साथ-साथ हैं। जय एनडीए।”

आरएलएम विधायकों में नाराजगी की वजह

बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा ने बेटे दीपक प्रकाश को ऐन मौके पर मंत्री बनवा दिया था, जबकि वह किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। इस बात से आरएलएम के विधायकों में नाराजगी है। वहीं, नाराजगी की चर्चाओं के बीच हाल ही में तीनों विधायकों ने बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी। यह बात भी सामने आई थी कि तीनों ही विधायक पार्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा द्वारा आयोजित लिट्टी भोज कार्यक्रम में भी नहीं गए थे।

Share This Article