बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले राज्य सरकार हर वर्ग को रिझाने की कोशिश में लगी हुई है। इसी क्रम में नीतीश कुमार की सरकार ने महिलाओं को एक बार फिर बड़ा तोहफा दिया है। सीएम नीतीश ने महिलाओं के लिए खास तौर पर 80 पिंक बसों को हरी झंडी दिखाई है। ये सभी बसें राज्य के विभिन्न जिलों में चलेंगी। इस मौके पर नीतीश कुमार ने 1065 बसों में ई-टिकट की सुविधा भी शुरू की।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को एक अणे मार्ग से महिलाओं के लिए 80 पिंक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिंक बसों से महिलाओं का सफर सुरक्षित और आरामदायक होगा। उन्हें आवागमन में काफी सहूलियत होगी। महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार द्वारा उठाया गया यह महत्वपूर्ण कदम है।
महिलाओं को मिलेंगी खास सुविधाएं
महिलाओं के लिए शुरू की गई इन बसों में कई तरह की खास सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन बसों में महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं. जिन्हें कंट्रोल रूम से मॉनिटर किया जाएगा. साथ ही गर्भवती महिलाओं के लिए इन बसों में विशेष सुविधा दी गई है. इन बसों में कंडक्टर और ड्राइवर दोनों ही महिलाएं होंगी।
सीएम ने किया बसों का निरीक्षण
पिंक बसों को रवाना किए जाने के पूर्व मुख्यमंत्री ने बसों का निरीक्षण किया और उसमें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि व राज्य परिवहन आयुक्त आशुतोष द्विवेदी सहित कई अन्य वरीय अधिकारी भी मौजूद थे।