बिहार के राजगीर खेल परिसर में 9 और 10 अगस्त को ‘एशिया रग्बी U20 रग्बी 7s चैंपियनशिप 2025 का आयोजन होने जा रहा है। बिहार की ऐतिहासिक धरती पहली बार एक बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की मेज़बानी करने जा रही है। इस चैंपियनशिप में दुनियाभर से रग्बी की दिग्गज टीमें शामिल हो रही है। इस टूर्नामेंट में भारत की टीमें चीन, यूएई, हांगकांग-चीन, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका और मलेशिया जैसी मजबूत एशियाई टीमों से मुकाबला करेंगी। इस बीच ‘एशिया रग्बी अंडर-20 रग्बी 7s चैंपियनशिप 2025’ के लिए भारतीय महिला और पुरुष टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है।

एशिया की सबसे मजबूत रग्बी देशों की टीम से मुकाबला
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि भारतीय रग्बी फुटबॉल संघ ने इसके अध्यक्ष राहुल बोस के हवाले से इस चैम्पियनशिप के लिए राष्ट्रीय U20 पुरुष और महिला टीमों की घोषणा कर दी है। टीमों का चयन 3 जुलाई को कोलकाता में भारतीय खेल प्राधिकरण के नेताजी सुभाष पूर्वी केंद्र में शुरू हुए राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के बाद किया गया। इस टूर्नामेंट में दोनों भारतीय टीमें एशिया की कुछ सबसे मजबूत रग्बी देशों के खिलाफ घरेलू धरती पर प्रतिस्पर्धा करेंगी।
बिहार के कुल 6 खिलाड़ी शामिल
शंकरण ने आगे कहा कि भारतीय रग्बी टीम में बिहार की 4 महिला और 2 पुरुष खिलाड़ी का चयनित होना प्रदेश के लिए बहुत खुशी और गर्व की बात है। यह बिहार के अन्य खिलाड़ियों का हौसला भी काफी बढ़ाएगा। टीमों का चयन 3 जुलाई को कोलकाता स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के नेताजी सुभाष पूर्वी केंद्र में शुरू हुए राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के बाद किया गया। भारतीय महिला टीम में बिहार की आरती, अंशू, अल्पना और गुरिया और पुरुष टीम में गोल्डन और सागर शामिल हो रहे हैं।
भारतीय पुरुष और महिला टीम
भारतीय U20 पुरुष टीम: सुमित कुमार रॉय (कप्तान), करण राजभर (उपकप्तान), अजीत नाग, भरत किसान, चरण हेम्ब्रम, डेविड मुंडा, देशराज सिंह, गोल्डेन कुमार, राजन रावत, रोहित शॉ और सागर प्रकाश
भारतीय U20 महिला टीम: भूमिका शुक्ला (कप्तान), तनुश्री भोसले (उपकप्तान), आरती कुमारी, अक्षया एनएस, अल्पना कुमारी, अंशू कुमारी, गुरिया कुमारी, कायरा विंसेंट, महक, मामाली सिंह, मुस्कान पिपलोदा और रितु
बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि
बिहार के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है कि भारतीय अंडर-20 रग्बी टीम में राज्य के चार महिला और दो पुरुष खिलाड़ियों का चयन किया गया है। यह न सिर्फ बिहार के लिए गर्व की बात है, बल्कि राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा। बिहार के ये 6 खिलाड़ी अब न केवल राज्य बल्कि पूरे देश की उम्मीदों का भार अपने कंधों पर लेकर मैदान में उतरेंगे
रग्बी जैसे अंतरराष्ट्रीय खेल में बिहार की सीधी भागीदारी और मेज़बानी न केवल राज्य की खेल संस्कृति को नई दिशा देगी, बल्कि आने वाले समय में यहां से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी लगातार उभरेंगे।