Bihar: बाहुबली मुन्ना शुक्ला की अचानक बिगड़ी तबीयत, भागलपुर से पटना किया गया शिफ्ट

Neelam
By Neelam
3 Min Read

जेल में बंद बाहुबली नेता मुन्ना शुक्ला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन फानन में उन्हें भागलपुर केंद्रीय कारा से पटना के बेऊर जेल में स्थानांतरित किया गया है। फिलहाल मुन्ना शुक्ला को आईजीआईएमएस में भर्ती किया गया है। बता दें कि मुन्ना शुक्ला बृजबिहारी हत्याकांड मामले में फिलहाल जेल में बंद है। मुन्ना शुक्ला फिलहाल उम्रकैद की सजा काट रहे हैं।

मोतियाबिंद का होगा ऑपरेशन

जेल सुपरिटेंडेंट की माने तो, मुन्ना शुक्ला को आंख के रेटिना में परेशानी होने लगी थी। जिसके बाद स्थिति को गंभीर होता देख, उन्हें पटना बेऊर जेल में शिफ्ट किया गया। अब कहा जा रहा है कि मुन्ना शुक्ला का इलाज जारी है। उनका मोतियाबिंद का ऑपरेशन होना है। जेल प्रशासन और डॉक्टर की तरफ से लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

15 दिन पहले की थी आंख दर्द की शिकायत 

जानकारी के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले मुन्ना शुक्ला ने आंख में दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद भागलपुर में उनका प्राथमिक इलाज कराया गया, लेकिन स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर करने की सलाह दी। इसके बाद जेल प्रशासन ने उन्हें पटना शिफ्ट किया।

चुनाव से पहले हुआ था भागलपुर ट्रांसफर

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मुन्ना शुक्ला को सुरक्षा कारणों से पटना की बेऊर जेल से भागलपुर शिफ्ट किया गया था। प्रशासन का तर्क था कि जेल से फोन पर संदिग्ध बातचीत हो रही थी, जो चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती थी। इस फैसले पर मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला ने तीखा विरोध जताया था और इसे राजनीतिक साजिश करार दिया था। अब स्वास्थ्य आधार पर वापस पटना लाए जाने से स्थिति फिर चर्चा में है।

बृज बिहारी हत्याकांड में काट रहे उम्रकैद

पूर्व मंत्री बृज बिहारी प्रसाद हत्याकांड में विजय कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना शुक्ला सजायाफ्ता हैं। इस मामले में हाईकोर्ट ने उन्हें दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। मुन्ना शुक्ला की ओर से इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा। इसी मामले में मुन्ना शुक्ला फिलहाल जेल में बंद हैं।

Share This Article