Bihar: चिराग पासवान की पार्टी के नेता रईस खान गिरफ्तार, STF की छापेमारी में घर से AK47 समेत हथियार बरामद

Neelam
By Neelam
3 Min Read

चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (आर) के नेता रईस खान के घर स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम और जिला पुलिस की टीम ने छापेमारी की है। सिसवन थाना क्षेत्र के गयासपुर में गुप्त सूचना का आधार पर छापेमारी में रईस खान सहित चार लोगों को पहले पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, फिर बाद में चारो को गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में एके 47 की गोली, पिस्टल, कट्टा, बुलेट प्रूफ जैकेट, सहित अन्य सामान को बरामद किया गया है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

डीआईजी नीलेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि ग्यासपुर गांव में आपराधिक तत्व इकट्ठा हो रहे हैं और हथियार भी जमा किए जा रहे हैं। इसके बाद डीआईजी और सिवान एसपी मनोज तिवारी के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और एसटीएफ ने सुबह से छापेमारी शुरू की। रविवार को सिसवन थाने के ग्यासपुर गांव में पटना एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रईस खान समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में मुन्ना खान, अफताब और शाह आलम शामिल हैं।

एके-47 के कारतूस बरामद

पुलिस और एसटीएफ की यह संयुक्त कार्रवाई रईस खान के गयासपुर स्थित उनके घर पर हुई जहां छापेमारी में संदिग्ध द्रव और वहां पूछताछ में आगे की कड़ी उजागर हुई जिसके बाद एके-47 के कारतूस भी मिले। एफएसएल टीम बरामद सामग्री की जांच कर रही है। पुलिस ने मौके से बरामद सामग्री को जब्त कर एफएसएल टीम को जांच के लिए भेजा है। सारण रेंज के डीआईजी निलेश कुमार ने बताया कि हथियारों के अलावा कुछ द्रव पदार्थ भी मिले हैं जिसकी वैज्ञानिक जांच की जा रही है।

करीब 6 घंटे की छापेमारी में बड़ी बरामदगी

करीब 6-7 घंटे चली इस सघन छापेमारी में पुलिस ने बड़ी बरामदगी की। टीम ने एक देसी कट्टा, मादक पदार्थ, 10 मोबाइल, 2 वॉकी-टॉकी डिवाइस, एक बुलेट प्रूफ जैकेट, 6 चारपहिया वाहन, एक बाइक और दो चाकू जब्त किए। एसपी मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि अभी तक के जांच में भारी मात्रा में गोली, पिस्टल, कट्टा, बुलेट प्रूफ जैकेट, सहित अन्य सामान को बरामद किया गया है।

कई बार जेल जा चुका है रईस खान

बता दें कि रईस खान व उसके भाई अयूब खान ने कुछ माह पूर्व ही लोक जनशक्ति पार्टी (आर) में शामिल हुए हैं। वहीं रईस खान द्वारा रघुनाथपुर विधानसभा सीट से दावेदारी करने की बात सामने आ रही है। इसके पहले भी रईस खान कई बार जेल जा चुका है। डीआइजी निलेश कुमार ने बताया कि रईस खान पर पहले से ही 52 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना है। 

Share This Article