सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाने के आरोप में पटना पुलिस ने मगही सिंगर अनूप पांडे को गिरफ्तार कर लिया है। अनूप पांडे को दीघा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार कलाकार मूल रूप से बांका जिले के बेलहर का रहने वाला है। उस पर मगही सॉन्ग के माध्यम से अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया गया था।

आरोप है कि अनूप पांडे लंबे समय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील, आपत्तिजनक और समाज में गलत संदेश देने वाले वीडियो डाल रहा था, जिसकी शिकायत लगातार पुलिस तक पहुंच रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों पर एक्सन लेते हुए डीआईयू टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखा सिंगर
गिरफ्तारी के बाद अनूप पांडे हाथ जोड़कर माफी मांगता हुआ दिखाई दिया। उसने अपने द्वारा पोस्ट किए गए अभद्र वीडियो और गीत को सोशल मीडिया से हटाने की बात कही और आगे ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया।
अश्लीलता फैलाने वालों के खिलाल जारी रहेगा अभियान
पटना पुलिस ने इस मामले में स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अश्लीलता, अभद्रता और आपत्तिजनक कंटेंट फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इंटरनेट पर युवाओं को गुमराह करने या समाज में गलत माहौल बनाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

