Bihar: पटना में सभी राजस्व अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, नए साल के जश्न पर फिरा पानी

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में जमीन संबंधी लंबित मामलों को लेकर उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा के तल्ख तेवर का असर अब पटना में भी दिखने लगा है। पटना जिले में राजस्व से जुड़े लंबित कार्यों के त्वरित निपटारे को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। पटना जिला प्रशासन ने लंबित मामलों के निपटारे के लिए डीसीएलआर से लेकर राजस्व कर्मचारियों तक की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।

31 दिसंबर तक कोई छुट्टी नहीं

जिलाधिकारी (डीएम) त्यागराजन एस.एम. ने राजस्व कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों और कर्मियों के अवकाश पर रोक लगा दी है। जारी आदेश के अनुसार 23 से 31 दिसंबर तक किसी भी राजस्व अधिकारी या कर्मचारी को छुट्टी नहीं दी जाएगी। डीएम द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिले के सभी राजस्व अधिकारियों और कर्मियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए गए हैं।

मामलों के निपटारे में आएगी तेजी

यह आदेश जिले के सभी अनुमंडलों और अंचलों में लागू होगा। इसके तहत सभी डीसीएलआर (उप समाहर्ता भूमि सुधार), अंचल अधिकारी (सीओ), राजस्व अधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं अन्य संबंधित कर्मियों को अपने-अपने कार्यस्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन के इस फैसले के बाद जिले में राजस्व कार्यों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। आम लोगों को भी इससे फायदा मिलने की संभावना है, क्योंकि छुट्टियों के कारण अटके कई मामलों का अब समाधान हो सकेगा।

मंत्री विजय सिन्हा की सख्ती के बाद अवकाश पर रोक

दरअसल, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय सिन्हा भूमि संबंधी मामलों को निपटाने को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। जनसंवाद के जरिए विभाग में जमीन से जुड़े लंबित मामलों और अधिकारियों की लापरवाही को लेकर साफ संदेश दिया है कि लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। कई अधिकारियों पर एक्शन भी लिया गया है।

Share This Article