Bihar: काउंटिंग में गड़बड़ी हुई तो नेपाल जैसा हाल होगा, आरजेडी के एमएलसी सुनील सिंह का विवादित बयान

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव में अब सबकी निगाहें रिजल्ट पर टिकी हुई हैं। कल यानी शुक्रवार को सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। नतीजों से पहले ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इस कड़ी में राजद अध्यक्ष लालू यादव के करीबी नेता सुनील कुमार सिंह ने चुनाव आयोग और प्रशासन को खुली चेतावनी दी है। 

बिहार चुनाव को लेकर आए एग्जिट पोल्स को नकारते हुए सुनील कुमार सिंह ने कहा कि इस बार का मतदान बदलाव के लिए हुआ है। सुनील कुमार सिंह ने कहा कि एग्जिट पोल एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है, जिससे जनता के जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने नीतीश कुमार और बीजेपी की सरकार को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है। 2025 में तेजस्वी यादव की सरकार बनने जा रही है।

मतगणना में गड़बड़ी की आशंका

सुनील कुमार सिंह ने आगे कहा कि अगर मतगणना में किसी तरह की गड़बड़ी या धांधली हुई, तो बिहार की सड़कों पर नेपाल जैसा नजारा देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमने 2020 में भी देखा था कि चार-चार घंटे तक मतगणना रोकी गई थी। कई सीटों पर परिणामों को प्रभावित करने की कोशिश की गई थी, लेकिन इस बार अगर वैसा कुछ हुआ तो बिहार की सड़कों पर नेपाल जैसा नजारा दिखेगा। आरजेडी के कार्यकर्ता और जनता चुप नहीं बैठेगी।

बिहार में कानून का राज है गुंडाराज नहीं- दिलीप जायसवाल

आरजेडी नेता के इस बयान पर एनडीए नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है। बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, बिहार में कानून का राज है, गुंडाराज वाली सरकार नहीं है। आरजेडी के लोग हार की हताशा में हैं। आरजेडी के लोग जनता और मतदाता का अपमान कर रहे हैं।

खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे- नीरज कुमार

वहीं, जेडीयू के नेता और पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस मसले पर कहा, खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे वाली स्थिति में है। बिहार की जनता अपने चेहरे पर अपराध का धब्बा नहीं लेने जा रही। यहां गुंडाराज नहीं चलेगा, यहां सुशासन की सरकार है।

बता दें कि राजद पार्टी में सुनील कुमार सिंह के लालू परिवार के साथ बड़े करीबी संबंध हैं। वे राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई हैं और राजद अध्यक्ष लालू यादव और तेजस्वी यादव के साथ भी अच्छे संबंध हैं।

Share This Article