Bihar: नीतीश कुमार को ‘भारत रत्न’ की मांग का जीतन राम मांझी ने किया समर्थन, चिराग पासवान की पार्टी भी साथ

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की सियासी गलियों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘भारत रत्न’ देने की मांग ने हलचल बढ़ा दी है। जेडीयू नेता केसी त्यागी द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल है। इस मसले पर अलग-अलग राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है। केसी त्यागी द्वारा नीतीश कुमार को भारत रत्न दिए जाने की मांग का हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने भी समर्थन किया है। 

एक बार फिर से सबको चौकाएंगे पीएम मोदी?

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के नेता जीतन राम मांझी ने नीतीश कुमार के लिए ‘भारत रत्न’ की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट मे लिखा, “भारत रत्न नीतीश कुमार जी.. ये शब्द सुनने में कितना अच्छा लगेगा ना। हमें पूर्ण विश्वास है कि अपने फ़ैसले से सबको चौंका देने वाले माननीय प्रधानमंत्री जी बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को भारत रत्न से नवाज़े जाने का फ़ैसला कर एक बार फिर से सबको चौकाएंगे।”

एलजेपी ने कहा- स्वागतयोग्य कदम

वहीं, एनडीए गठबंधन में शामिल चिराग पासवान की पार्टी ने भी इस मांग का खुलकर समर्थन कर दिया है। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के नेता और बिहार सरकार में मंत्री संजय सिंह ने केसी त्यागी की मांग को अच्छी पहल बताया है। संजय सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार देश के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेताओं में से एक हैं और उन्होंने हमेशा आम जनता के लिए काम किया है। नीतीश कुमार का अब तक का राजनीतिक जीवन बेदाग रहा है। उनके लंबे मुख्यमंत्री कार्यकाल में उन पर अभी तक कोई भी धब्बा नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व के धनी नेता के लिए अगर भारत रत्न की मांग उठती है तो यह स्वागतयोग्य कदम है।

केसी त्यागी की मांग का समर्थन

इससे पहले शुक्रवार को जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देश का सर्वोच्च सम्मान देने की मांग की। केसी त्यागी ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में कहा है कि समाजवादी आंदोलन के बचे अनमोल रत्न नीतीश कुमार ‘भारत रत्न’ के योग्य हैं। उन्हें इस सम्मान से नवाजा जाए।

Share This Article