बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह बिहार चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। हाल ही उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रालोपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा जैसे एनडीए के बड़े नेताओं से मुलाकात की है। इस बीच भोजपुरी सिंगर और एक्टर खेसारी लाल यादव ने पटना में मीडिया से बात करते हुए अपनी पत्नी चंदा देवी के आरजेडी से चुनाव लड़ने की जानकारी दी।

पटना में मीडिया से बातचीत में खेसारी लाल यादव ने कहा कि अगर चुनाव लड़ना होगा तो उनकी पत्नी ही चुनाव लड़ेंगी, क्यों कि वह फिल्मों और म्यूजिक इंडस्ट्री में व्यस्त रहेंगे ऐसे में जनता के बीच कम रह पाएंगे। खेसारी लाल यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव और अखिलेश जी बड़े भाई हैं। अगर वो चाहेंगे तो चंदा चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा, चंदा देवी लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं।
बिना नाम लिए पवन सिंह पर कसा तंज
इस दौरान खेसारी लाल यादव ने बिना नाम लिए पवन सिंह समेत दूसरे कलाकारों पर तंज भी कसा। खेसारी लाल यादव ने कहा कि कुछ स्टारडम के दम पर चुनाव तो जीत जाएंगे लेकिन जनता के बीच नहीं रहेंगे तो लोगों की परेशानी कौन सुनेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव ऐसे व्यक्ति को लड़ना चाहिए जो जनता के बीच रहकर उनकी सेवा कर सके।
पहले गायक थे, अब राजनेता हो गए हैं-खेसारी लाल
बीजेपी में पवन सिंह की वापसी पर खेसारी लाल यादव ने कहा अब उनका पावर वहां से शुरू होगा, उनका अपना व्यक्तिगत हैं. वो उस समय (NDA के खिलाफ चुनाव लड़ते समय) भी सही थे, और इस समय (बीजेपी में वापसी के समय) भी सही होंगे। उनका अपना विचारधारा है। राजनीति में कोई दुश्मन नहीं है और दोस्त नहीं है। हम लोग लड़ जाते हैं फालतू में एक राजनेता के लिए। उनके मन में कभी एक-दूसरे के लिए कुछ नहीं होता। वो (पवन सिंह) पहले गायक थे, अब वो राजनेता हो गए हैं।
मैं रिश्तों का बचाने का प्रयास करता हूं-खेसारी
खेसारी की पत्नी चंदा देवी के राजद से चुनाव लड़ने की चर्चा है। इस पर पत्रकारों ने पूछा कि क्या खेसारी कंफ्यूज नहीं होंगे एक तरफ दोस्त बीजेपी में तो पत्नी राजद में…इस सवाल के जवाब में खेसारी यादव ने कहा कि मुझे क्यों कंफ्यूजन है। मैं दोनों का हूं। किसी का पति हूं तो किसी का भाई भी हूं। मेरे रिश्ते बहुत प्यारे हैं। मैं रिश्तों का बचाने का प्रयास करता हूं।

