पटना में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देने की कोशिश की है। अपराधी आए दिन चोरी, लूट और गोलीबारी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। अब जिले के बाढ़ थाना इलाके के नवादा पंचायत स्थित लालाबागी में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक को नींद की अवस्था में ही अपराधियों ने घर में घुसकर गोली मार दी। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

बिस्तर पर खून से लथपथ मिला शव
बताया जा रहा है कि बाढ़ थाना क्षेत्र के नवादा पंचायत अंतर्गत लाला बागी गांव के रहने वाले राजकुमार अपने घर के निर्माधीन मकान में सो रहा था। इस बीच अपराधियों ने रात का फायदा उठाकर सोए हुए युवक राजकुमार को कनपटी में गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की घटना के बाद से सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। हालांकि निर्माधीन मकान के बगल में ही सो रही मां और बहन को इस घटना की जानकारी नहीं हुई। सोमवार की सुबह जब उसकी बहन नींद से उठने के लिए पहुंची तो भाई को खून से लथपथ व मृत देखकर हो हल्ला की। जिसकी घटना के बाद गांव के लोग मौके पर जुट गए।
प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
मृतक की पहचान राज कुमार रूप में हुई है। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार युवक के गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति की पुत्री के साथ प्रेम ता। दो माह पूर्व प्रेम प्रसंग मामले में दोनों की भागने की बात लड़की पक्ष के लोगों ने कही थी। लेकिन, लड़का अपने घर पर ही मौजूद था। इसी तरह मामले का समझौता हो गया था। लड़की गांव की रहने वाली है। वह हमेशा दोनों आपस में मिलते जुलते थे। मृतक युवक की मां का आरोप है लड़की पक्ष के लोगों ने दुश्मनी के नियत से उसकी हत्या कर दी है।
आरोपियों की जल्द होगी गिरफ्तारी
एसडीपीओ-2 अभिषेक सिंह ने कहा कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। प्राथमिक जांच में प्रेम प्रसंग में हत्या करने की जानकारी मिली है। मृतक जिस लड़की से प्रेम करता था, उसके भाई को यह रिश्ता पसंद नहीं था। इसी मामले को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। गोली चलाने वाले की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी भी हो जाएगी।