Bihar:मनेर के पूर्व पार्षद संजय सिंह लापता, दीघा मैरीन ड्राइव पर लावारिस हालात में मिले कार और कपड़े

Reena Sharma
2 Min Read

मनेर नगर परिषद क्षेत्र के राउत टोला (बालूपर) निवासी और बड़े लैंडलॉर्ड के रूप में पहचाने जाने वाले पूर्व पार्षद संजय कुमार सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। बुधवार अहले सुबह उनकी कार पटना के दीघा घाट के समीप लावारिस हालत में खड़ी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और एसडीआरएफ की टीम गंगा नदी में उनकी तलाश में जुटी है।

बताया जा रहा है कि संजय सिंह बुधवार की सुबह 3 बजे अपने घर से निकले थे और 4:30 बजे अपने भतीजे अंकुर सिंह से बात हुई थी।इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। उनकी गाड़ी दीघा में लावारिस हालत में पाई गई है। इस घटना के बाद से ही उनके परिजनों और मनेर के स्थानीय लोगों में किसी अनहोनी का डर सता रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व सांसद रामकृपाल यादव, पूर्व विधायक श्रीकांत निराला समेत कई राजनीतिक और सामाजिक नेता दीघा घाट पहुंचे। वहीं, मनेर स्थित उनके आवास पर भारी संख्या में लोग जुट गए हैं। परिजनों और समर्थकों के बीच चिंता का माहौल है। लोगों में सुसाइड करने की चर्चा है। आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने गंगा नदी में छलांग लगाई है।

Advertisement

बताया जा रहा है कि संजय सिंह की कार से रुपये और मोबाइल बरामद हुए हैं। वे भाजपा से जुड़े रहे हैं और मनेर नगर परिषद के पार्षद भी रह चुके हैं। जिले में उनके नाम पर कई प्रमुख संपत्तियां और व्यवसायिक प्रतिष्ठान हैं, जिनमें मस्ताना सिंह मार्केट, मैरिज हॉल, कई वाहन शोरूम और बैंक भवन शामिल हैं। संजय सिंह मनेर के सुप्रसिद्ध जमींदार बाबू शीतल सिंह के पौत्र हैं। 

Share This Article