बिहार में महागठबंधन की जीत होती है तो विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक मुकेश सहनी उपमुख्यमंत्री होंगे। डिप्टी सीएम फेस घोषित होने के बाद मुकेश सहनी ने और आक्रामक रूख अख्तियार कर लिया है। रविवार देर रात दरभंगा पहुंचे वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। सहनी ने नीतीश कुमार को अस्वस्थ बताया है। सहनी ने कहा है कि बिहार के 13 करोड़ लोगों का भविष्य एक अस्वस्थ व्यक्ति के हाथों में नहीं छोड़ा जा सकता।

सहनी का नीतीश कुमार पर निशाना
मुकेश सहनी ने कहा कहा कि 2005 में जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने, तब लोगों ने सोचा कि उन्हें एक मौका देना चाहिए। 2010 में उन्होंने विकास दिखाया भी लेकिन 2015 में वे लालू प्रसाद यादव की बैसाखी पर सवार होकर फिर मुख्यमंत्री बने। इसमें उनका कोई व्यक्तिगत योगदान नहीं था।2020 में भी मात्र 42 विधायकों के साथ बीजेपी और वीआईपी के समर्थन से किसी तरह मुख्यमंत्री बने।
बिहार जैसे राज्य का नेतृत्व युवा हाथों में होना चाहिए-सहनी
नीतीश कुमार इस समय अस्वस्थ चल रहे हैं, और यह बात पूरे बिहार और देश की जनता जानती है और कई मौकों पर ये प्रमाणित भी होता रहता है। सहनी ने आगे कहा कि यह कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं है। 70 वर्ष की उम्र में कोई भी व्यक्ति अस्वस्थ हो सकता है, लेकिन बिहार जैसे राज्य का नेतृत्व अब युवा हाथों में होना चाहिए।
सांसद मनोज तिवारी के बयान पर पलटवार
सहनी ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी के बयान पर भी पलटवार किया। सहनी ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के पास 56 नहीं बल्कि 112 इंच की जुबान है। 2014 में उन्होंने देश को आर्थिक विकास का सपना दिखाया, लेकिन आज देश की जनता 5 किलो अनाज पर निर्भर है। वादों की हकीकत अब सबके सामने है। सहनी ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि हमारे पास 56 इंच का सीना है।

