Bihar: नीतीश कुमार की सास का निधन, बेटे निशांत के साथ अंतिम संस्कार में शामिल हुए मुख्यमंत्री

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सास का शुक्रवार की शाम को निधन हो गया। शनिवार सुबह पटना के बांस घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना स्थित बांस घाट पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उनके बेटे निशांत कुमार, बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी भी पहुंचे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सास विद्यावती देवी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। वे पिछले काफी समय से अस्वस्थ थीं और पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। 

47 दिन पहले आईजीआईएमएस में कराया गया था भर्ती

लंबे समय से बीमार चल रहीं विद्यावती देवी को 47 दिन पहले इलाज के लिए आईजीआईएमएस में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार शाम करीब 6:40 बजे उनका निधन हो गया। पटना के बांस घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। आज सुबह अंतिम दर्शन के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना स्थित बांस घाट पहुंचे। उनके साथ उनके पुत्र निशांत कुमार भी मौजूद रहे। इस दौरान दोनों की आखें नम दिखीं। इसके अलावा मंत्री अशोक चौधरी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता भी बांस घाट पहुंचे और अंतिम दर्शन किए।

निशांत कुमार ने दी भावुक श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार ने अपनी नानी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर एक अत्यंत भावुक संदेश साझा किया है। निशांत ने लिखा, ‘प्यारी नानी मां के देहांत की दुखद खबर से मन बहुत व्यथित है।’ उन्होंने अपनी नानी को याद करते हुए लिखा- ‘अंतिम यात्रा, मिस यू नानी मां।’

Share This Article