Bihar: पूर्णिया में लॉरेंस कांड को लेकर पप्पू यादव का बड़ा आरोप, आईपीएस भानु प्रताप सिंह पर साधा निशाना

Neelam
By Neelam
2 Min Read

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने जेल से बाहर आने के बाद दिल्ली रवानगी से पहले पुलिस प्रशासन और सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने विशेष रूप से आईपीएस भानु प्रताप सिंह पर निशाना साधते हुए दावा किया कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी धमकियों और हालिया पुलिसिया कार्रवाई के पीछे उनकी हत्या की एक गहरी साजिश थी। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना इलाज के रखा गया और बुनियादी सुविधाएं तक नहीं दी गईं।

पूर्णिया में ‘लॉरेंस कांड’ एक बड़ी साजिश का हिस्सा-पप्पू यादव

पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया में हुए ‘लॉरेंस कांड’ के दौरान उनके सम्मान और सुरक्षा के साथ अन्याय हुआ। उन्होंने कहा कि जिस तरह भानु प्रताप सिंह पीछे हट गए और जिस तरह अपराधी दीपक कुमार वहां पहुंचा, उससे साफ होता है कि यह सब एक बड़ी साजिश का हिस्सा था। उन्होंने दावा किया कि वहां मौजूद सभी लोगों की कमर में पिस्टल लगी हुई थी। सभी सिविल ड्रेस में थे और पूरा माहौल डराने वाला था। उनका कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम का मकसद उन्हें जान से मारना था।

24 घंटे बिना खाना-पानी के रखा गया-पप्पू यादव

पप्पू यादव ने दावा कि इसलिए मुझे मारने की साजिश रची गई। PMCH के सुपरिटेंडेंट से पूछिए कि उन्होंने मुझे बिना इलाज के कहां रखा? मुझे 24 घंटे में पानी की बोतल नहीं मिली, न ही खाना मिला। मैंने पहले ही कोर्ट को लिख दिया है। मैं लोकायुक्त के पास भी जाऊंगा और UN को भी लिख दिया है।

तीन बड़े खुलासों का दावा

सांसद ने दावा किया कि वह तीन बड़े मामलों में खुलासा करेंगे। पहला खुलासा खेमका हत्याकांड से जुड़ा होगा, जिसमें उन्होंने कुछ नेताओं और परिवारों की संलिप्तता का संकेत दिया। दूसरा खुलासा रूपेश हत्याकांड को लेकर करने की बात कही, जिसमें उन्होंने साजिश की आशंका जताई। तीसरा मुद्दा कथित फर्जी एनकाउंटर से जुड़ा है, जिसे लेकर उन्होंने हाईकोर्ट जाने की बात कही। उनके अनुसार इन मामलों में सच्चाई सामने लाना जरूरी है।

Share This Article