Bihar: पटना में बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भिडंत, जमकर हुई तोड़फोड़ और मारपीट

Neelam
By Neelam
3 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने के विरोध में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के मंत्री-विधायक से लेकर कार्यकर्ता तक सड़क पर उतर गए। इस दौरान राजधानी पटना में कांग्रेस और बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हो गयी है। दरअसल पीएम मोदी पर अब्प्शब्द का इस्तेमाल किए जाने के विरोध में आज पटना की सड़कों पर बीजेपी ने विरोध मार्च निकाला था। यह विरोध मार्च बिहार कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम से होकर जैसे ही गुजरा बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं बीच झड़प शुरू हो गयी। कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर हमला शुरू कर दिया।

दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा को लेकर एक सभा हुई थी। इसी सभा में बड़े नेताओं की गैरमौजूदगी में पीएम मोदी को मंच से गाली दी गई। इसके बाद बवाल बढ़ गया। इसी को लेकर शुक्रवार को बीजेपी के कार्यकर्ताओं, विधायकों और कुछ मंत्रियों ने सदाकत आश्रम तक मार्च किया। मार्च के सदाकत आश्रम के बाहर पहुंचने के बाद मामला बिगड़ गया

सदाकत आश्रम के सामने भिड़ंत

मार्च में बांकीपुर विधायक और बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, दीघा विधायक संजीव चौरसिया समेत बीजेपी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। मार्च सदाकत आश्रम पहुंचा, यहां वे राहुल गांधी का पुतला दहन करने वाले थे। लेकिन इससे पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उनकी भिड़ंत हो गई। दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बीजेपी के मार्च निकाल रहे नेता-कार्यकर्ताओं पर पथराव शुरू हो गया। इस बीच एनडीए के कार्यकर्ता भी उग्र हो गए और उन्होंने जमकर तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बूझाकर शांत कराया।

झड़प के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन

पुलिस के समझाने के बाद एनडीए के कार्यकर्ता वापस चले गए, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सदाकत आश्रम के सामने अशोक राजपथ को जाम कर दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने एनडीए कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि बिना किसी अपराध के भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया और प्रदेश मुख्यालय की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रकों के शीशे भी तोड़े गए और भाजपा उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।

जानें क्या है मामला? बता दें कि बुधवार को दरभंगा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। इस यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आपत्तिजनक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। जानकारी के मुताबिक यात्रा में शामिल कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ मोदी विरोधी नारे लगाए बल्कि अपशब्दों का भी प्रयोग किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Share This Article