Bihar: प्रशांत किशोर करगहर सीट से लड़ेंगे बिहार विधानसभा चुनाव, पीके का बड़ा ऐलान

Neelam
By Neelam
3 Min Read

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने ये बात कही। एक चैनल को दिए इंटरव्यू के दौरान कहा था कि वह अपनी जन्मभूमि और कर्मभूमि से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। जिसके बाद यह अटकलें लगाई जाने लगीं कि वह रोहतास की करगहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।

डिजिटल चैनल के कॉन्क्लेव में प्रशांत किशोर ने इस बात की घोषणा की। प्रशांत किशोर ने कहा कि सभी लोगों को दो जगहों से चुनाव लड़ना चाहिए। एक कर्म भूमि और दूसरी जन्म भूमि। अगर जन्मभूमि की बात करें को करगहर मेरी जन्म भूमि है और मैं वहीं से चुनाव लड़ना चाहता हूं।

बीजेपी-कांग्रेस ने कहा, जमानत बचाने की होगी चुनौती

प्रशांत किशोर की इस घोषणा पर जेडीयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि इस सीट पर उन्हें भी बड़ी चुनौती मिलने वाली है। उन्हें अपनी पार्टी के अन्य उम्मीदवारों की तरह जमानत बचाने की चुनौती होगी। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर की भूमिका वोटकटवा की होगी। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने कहा कि प्रशांत किशोर के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी ही जमानत बचाने की होगी। प्रशांत किशोर की तरह का प्रयोग आनंद मोहन भी कर चुके हैं, जिन्हें मुंह की खानी पड़ी थी। प्रशांत किशोर के साथ भी वहीं हश्र होने जा रहा है।

करगहर विधानसभा ब्राह्मण बहुल सीट

बता दें, करगहर विधानसभा सीट ब्राह्मण बहुल सीट है। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में करगहर सीट पर कांग्रेस के संतोष मिश्रा ने जीत हासिल की थी। वहीं जेडीयू के वशिष्ठ सिंह दूसरे नंबर पर रहे थे। इस बार इस सीट से दिनेश राय के भी चुनाव लड़ने की चर्चा है। वहीं इस सीट के भोजपुरी गायक रितेश पांडेय भी चुनाव लड़ना चाह रहे थे।

बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा

प्रशांत किशोर पहले ही साफ कर चुके हैं कि उनकी पार्टी बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। प्रशांत किशोर पिछले 2 सालों से पूरे बिहार में घूम-घूम कर प्रचार कर रहे हैं। वे लगातार मौजूदा राजनीतिक दलों पर आरोप लगाते रहे हैं कि पिछले तीन दशकों में बिहार की हालत सुधरी नहीं है। जानकारों का मानना है कि प्रशांत किशोर का करगहर से चुनाव लड़ने का ऐलान बिहार की राजनीति में नया समीकरण बना सकता है। जिसके बाद यहां से मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है।

Share This Article