Bihar: रोहिणी ने बदले सुर, लालू पर नीतीश के बयान का जोरदार विरोध, सोशल मीडिया पोस्ट में भाई तेजस्वी पर लुटाया प्यार

Neelam
By Neelam
3 Min Read

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के करीबी कहे जाने वाले संजय यादव प्रकरण के बाद रोहिणी आचार्य के सुर बदल गए हैं। पहले तेजस्वी ने बड़ी बहन के लिए अपने जज्बात बयां किए, अब लालू प्रसाद यादव पर मुख्यमंत्री नीतीश की टिप्पणी के बाद पूरा पारिवारिक विवाद धुलता दिख रहा है। दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गुरुवार को खगड़िया में एक कार्यकर्ता संवाद के दौरान लालू यादव पर उनकी जुबान फिसल गई। उन्होंने लालू को ‘ससुरा’ कहकर संबोधित किया। अब रोहिणी ने जोरदार भड़ास निकाली है। रोहिणी आचार्या सोशल मीडिया पर भड़काऊ बातें पोस्ट की हैं।

नीतीश को बताया दिमागी तौर पर विक्षिप्त

लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने नीतीश के कार्यकर्ता संवाद वाले वीडियो के साथ लिखा, “दिमागी तौर पर पूरी तरह से विक्षिप्त हो चुके व्यक्ति की जुबान गंदी होनी स्वाभाविक सी बात है, पागलों को सड़कों पर गाली गलौज करते अमूमन देखा ही जाता है। जिस व्यक्ति के संरक्षण में मुजफ्फरपुर महापाप हुआ, जिसकी चारित्रिक नीचता के किस्से तमाम हैं, उस बदजुबान तोंद वाले अंकल के मुंह से निश्चित हार की बौखलाहट में घटिया सोच से पैदा हुई निम्नस्तर की भाषा का गुबार निकल रहा है।”

तेजस्वी के लिए उमड़ा प्यार

रोहिणी ने आगे लिखा है कि, “पागलपन की हद हासिल कर बेचैन आत्मा बन चुके अंकल। बोली जा रही हर गंदी बोली का हिसाब करने को तैयार बैठी है बिहार की जनता, चाहे लाख दे लो गाली , बिहार में इस बार सिर्फ और सिर्फ भाई तेजस्वी के लिए ही बजेगी ताली।”

नीतीश कुमार ने लालू यादव के लिए क्या कहा?

बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 25 सितंबर को खगड़िया में थे, जहां वह एक कार्यकर्ता संवाद को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर तंज कसते हुए अमर्यादित शब्द का प्रयोग किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद यादव को ‘ससुरा’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “ससुरा जब खुद हट गया तो अपनी पत्नी (राबड़ी देवी) को बना दिया। पहले के समय में इतना लोग काम करता था क्या? उस संबोधन के बाद यह सोशल मीडिया में वायरल हो गया।

Share This Article