Bihar: बिहार में पड़ने वाली है कंपकंपाने वाली ठंड, तीन डिग्री तक गिरेगा पारा, शीतलहर का अलर्ट जारी

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में ठंड का असर तेजी से बढ़ने वाला है। जल्द ही हाड़ कंपा देने वाले सर्दी शुरू होने वाली है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में ठंड का असर अचानक और तेजी से बढ़ेगा। पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 4-5 दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट

मौसम विज्ञान केंद्र की ताजा रिपोर्ट के अनुसार 19 दिसंबर के बाद राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। अगले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वर्तमान में राज्य का न्यूनतम तापमान 10 से 18 डिग्री के बीच चल रहा है।

पिछले वर्ष की तुलना में अधिक ठंडा रहेगा ये दिसंबर

मौसम विभाग का कहना है कि इस साल दिसंबर का महीना पिछले वर्ष की तुलना में अधिक ठंडा रहने वाला है। बिहार के लोगों को इस दौरान कोल्ड वेव और तीखी ठंड के लिए तैयार रहना होगा, खासकर सुबह और शाम के समय तापमान काफी निचले स्तर पर रहेगा।

9 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है न्यूनतम तापमान

पटना मौसम विभाग के रिपोर्ट के अनुसार दिसंबर के दूसरे सप्ताह में बिहार के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे जा सकता है। ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड में अचानक बढ़ोतरी देखी जाएगी। कोहरे में भी बढ़ोतरी का अनुमान है, जिससे सड़क और रेल परिचालन प्रभावित होने की आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं लगातार बिहार में प्रवेश कर रही हैं, जिसके कारण तापमान लगातार गिर रहा है।

तीसरे सप्ताह में पारा 7 डिग्री के नीचे जा सकता है

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि दिसंबर के तीसरे सप्ताह में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे जा सकता है। कई जिलों में पाला गिरने की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।

Share This Article