राजधानी पटना के एक छात्रावास में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा की मौत की गुत्थी अभी सुलझी ही नहीं है। इस बीच फुलवारी शरीफ क्षेत्र में कोचिंग पढ़ने आई एक छात्रा की संदिग्ध स्थिति में छत से गिरकर मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
सीसीटीवी फुटेज ने मौत पर खड़े किए सवाल
घटनास्थल के पास से पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिसने मौत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, फुटेज में घटना के वक्त दो संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। वहीं, मृतका के परिवार ने भी पोस्टमार्टम के बाद छात्रा के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा किया। साथ ही बदसुलूकी के बाद हत्या की आशंका जताई है।
चौथी मंजिल पर क्यों गई छात्रा?
16 साल छात्रा, फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र स्थित हरिनगर के ‘सुमित्रा हाइट अपार्टमेंट’ की पहली मंजिल पर स्थित कोचिंग सेंटर में पढ़ने आई थी, संदिग्ध हालात में चौथी मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गई। परिजनों के अनुसार छात्रा गुरुवार सुबह करीब 8 बजे घर से कोचिंग के लिए निकली थी। कुछ ही देर बाद कोचिंग संचालक की ओर से फोन आया कि उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब परिजन एम्स पटना पहुंचे, तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी।
मृतका के शरीर पर गंभीर चोट के निशान
शुरुआत में इसे एक हादसा माना जा रहा था, लेकिन जब अंतिम संस्कार के वक्त परिजनों ने मृतका के शरीर पर गंभीर चोट के निशान देखे, तो मामले ने नया मोड़ ले लिया। परिजनों का आरोप है कि छात्रा के साथ गलत हरकत की कोशिश की गई और बचने के प्रयास में वो ऊपर से गिरी या उसे धकेल दिया गया।
गार्ड समेत हिरासत में लिए गए चार लोग
इधर, पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनमें दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध बताई जा रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिल्डिंग में काम कर रहे तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा है जो उसी फ्लैट में बढ़ई का काम करता है जहां ये घटना हुई।

