बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव आखिरकार अपने बड़े भाई तेज प्रताप यादव के खिलाफ चुनावी मैदान में उतर गए। उन्होंने महुआ विधानसभा सीट पर अपने प्रत्याशी मुकेश रौशन के लिए चुनाव प्रचार करते हुए महुआ के लोगों से कहा कि किसी भी तरह का कोई कंफ्यूजन नहीं रखिए, पार्टी बड़ी होती है। तेजस्वी के सीधे हमले के बाद तेज प्रताप ने सधा हुआ संदेश दिया है।

पार्टी से बड़ी हमारी आदरणीय जनता-तेज प्रताप
महुआ में तेजस्वी यादव की रैली के बाद बड़े भाई तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी को छोटे और नादान भाई कहकर संबोधित किया। तेज प्रताप ने अपनी बात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए रखी। उन्होंने लिखा, किसी भी पार्टी से बड़ी हमारी आदरणीय जनता मालिक होती है। हमारे छोटे और नादान भाई तेजस्वी ने आज महुआ में कहा कि पार्टी से बड़ा कोई नहीं होता है, लेकिन हम अपने छोटे भाई को यह कहना चाहेंगे कि पार्टी से बड़ी हमारी जनता मालिक होती है।
पार्टी केवल एक व्यवस्था- तेज प्रताप
तेज प्रताप ने आगे कहा, लोकतंत्र में सबसे बड़ी केवल जनता होती है, कोई पार्टी या परिवार नहीं। महुआ मेरे लिए राजनैतिक कर्मभूमि है, महुआ मेरे लिए पार्टी और परिवार से कहीं बढ़कर है। पार्टी केवल एक व्यवस्था है, लेकिन जनता हमारी मालिक है
तेज प्रताप ने जनता से की अपील
तेज प्रताप ने आगे जनता से अपील करते हुए कहा, महुआ की आदरणीय जनता जनार्दन से मुझे पूरी उम्मीद है कि वो हमें महुआ से भारी मतों से जिता कर सदन भेजने और महुआ को विकास की राह पर आगे बढ़ाने का काम करेंगे। विजयी महुआ, विकसित महुआ।
महुआ में क्या बोले थे तेजस्वी यादव?
दरअसल, रविवार को तेजस्वी यादव वैशाली जिले की महुआ सीट पर आरजेडी उम्मीदवार मुकेश रौशन के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे थे। इस दौरान महुआ की जनसभा में तेजस्वी यादव ने कहा था, कोई आए, कोई जाए, पार्टी से बड़ा कोई नहीं है। पार्टी ही मां-बाप है। पार्टी है तो सब है, पार्टी नहीं तो कुछ भी नहीं है। महुआ से लालटेन और लालू यादव का झंडा लहराएगा। लालटेन जलेगी तभी तेजस्वी यादव की सरकार बनेगी।

