बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी उबाल बढ़ता जा रहा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष एक दूसरे पर हमलावर है। जदयू नेता नीरज कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव के नाम को ‘डिकोड’ किया है। नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव के अंग्रेजी नाम को डिकोड कर उन पर जोरदार हमला बोला है।

तेजस्वी के नाम के अक्षर का डिकोड
जेडीयू के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर पलटवार करते हुए सोशल मीडिया पर उनके नाम TEJASHWI का फुल फॉर्म साझा किया। नीरज कुमार ने तंज भरे अंदाज में ‘TEJASHWI’ को डिकोड करते हुए तेजस्वी को Troublemaker (उपद्रवी), Escapist (पलायनवादी), Jealous (ईर्ष्यालु), Arrogant (अभिमानी), Selfish (स्वार्थी), Hypocrite (पाखंडी), Wasteful (फिजूलखर्ची), Incompetent (अयोग्य), और Total Egotistic (पूर्ण अहंकारी) करार दिया।
स्वार्थी-पाखंडी-अयोग्य जैसी उपमा दी
जदयू बिहार विधान परिषद के सदस्य नीरज कुमार ने इस ‘डिकोडिंग’ का इस्तेमाल तेजस्वी यादव पर स्वार्थी, अहंकारी और पाखंडी होने का आरोप लगाने के लिए भी किया है। नीरज कुमार ने कहा कि अब उन्हें इसी नए नाम के साथ चुनावी मैदान में उतरना होगा। जेडीयू नेता नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके नाम का नया मतलब टोटल इगोस्टिक है। उन्होंने कहा कि बिहार को काम चाहिए, ड्रामा नहीं। उन्होंने तेजस्वी पर बिहार की जनता के काम पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक नाटकों में अपना समय बर्बाद करने का आरोप लगाया।
अपने नाम के साथ जननायक कर्पूरी ठाकुर की उपाधि जोड़ ली-नीरज कुमार
नीरज कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव ने अपने नाम के साथ जननायक कर्पूरी ठाकुर की उपाधि जोड़ ली। इसके बाद समाजवादी विचारधारा के लोग इनसे नाराज हैं। इसलिए उनकी सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई भारत रत्न और पिछड़े वर्गों का राजनीतिक अपमान करता है, तो यह स्वीकार्य नहीं है।