Bihar: बिहार विधानसभा में विनोद नारायण झा बने बीजेपी के मुख्य सचेतक, राजेंद्र गुप्ता को भी बड़ी जिम्मेदारी

Neelam
By Neelam
2 Min Read

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने संगठनात्मक जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए मधुबनी जिले की बेनीपट्टी सीट से विधायक और पूर्व मंत्री विनोद नारायण झा को बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल का मुख्य सचेतक नियुक्त किया है। बीजेपी की ओर से इस संबंध में सूची विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को भेज दी गई है।

राजेंद्र गुप्ता को विधान परिषद में भाजपा का उपनेता बनाया गया है, जिसकी सूची विधान परिषद के सभापति को भेजी गई है। उप मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी की ओर से यह सूची विधानसभा सचिवालय और विधान परिषद को भेज दी गई है। विधानसभा अध्यक्ष जल्द ही इसको लेकर आदेश जारी कर सकते हैं। 

मुख्य सचेतक को राज्य मंत्री के समकक्ष दर्जा प्राप्त

सूची के अनुसार बिहार विधानसभा में विनोद नारायण झा को भाजपा विधान मंडल दल का मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है। मुख्य सचेतक की भूमिका सदन में सरकार और पार्टी के लिए बेहद अहम मानी जाती है। उनका दायित्व विधायकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, पार्टी लाइन के अनुसार मतदान कराने और सदन की कार्यवाही के दौरान अनुशासन बनाए रखने का होता है। मुख्य सचेतक को मोटे तौर पर राज्य मंत्री के समकक्ष दर्जा प्राप्त होता है, जिससे उनकी जिम्मेदारियां और प्रभाव दोनों बढ़ जाते हैं।

कौन हैं विनोद नारायण झा

विनोद नारायण झा बिहार बीजेपी के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में शुमार किए जाते हैं। वे वर्तमान में मधुबनी जिले की बेनीपट्टी विधानसभा सीट से विधायक हैं। इससे पहले वे बिहार सरकार में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। बीजेपी संगठन में भी विनोद नारायण झा की मजबूत पकड़ रही है। वे पार्टी के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके हैं और मुख्य प्रवक्ता के तौर पर भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

Share This Article