Bihar: जीतन राम मांझी ने ऐसा क्या कहा बिहार में मचा सियासी बवाल, पूर्व सीएम का वीडियो वायरल

Neelam
By Neelam
4 Min Read

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के एक बयान से बिहार की राजनीति में भूचाल आया हुआ है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वे ‘उपाय’ से चुनाव जीतने की बात कह रहे हैं। उन्होंने एक जनसभा में कहा था कि उनके एक प्रत्याशी इस बार 1600 वोटों से हार गए, जबकि पिछली बार 2700 से हार रहे थे तो तत्कालीन कलेक्टर अभिषेक सिंह ने उनके कहने पर मदद की तो जीत गए थे।

जानकारी के मुताबिक गया जिले के बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र के मोहनपुर प्रखंड में एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सभा को संबोधित करते हुए चौंकाने वाली बात कही। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में जीत के बाद 14 दिसंबर को बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र में ज्योति मांझी के अभिनंदन समारोह में मांझी ने भाषण में कहा था कि टिकारी सीट गलती से वह हार गए। जैसे 2020 चुनाव में मतगणना के दौरान प्रत्याशी अनिल सिंह ने कहा था कि हम चुनाव हार रहे हैं, कोई उपाय है क्या। उस समय 2700 वोट से हार रहे थे। हम प्रयास किए और वह जीत गए।

तत्कालीन डीएम अभिषेक सिंह घेरे में

मांझी आगे कहते दिख रहे हैं कि इस साल मात्र 1600 वोट से हार रहे गए। मेरा दुर्भाग्य है, उन्होंने हमसे बात नहीं की, क्या दिमाग हो गया था और मैदान छोड़कर भाग गए। उन्होंने सभा में कहा, 2020 में डीएम अभिषेक सिंह थे, वह अभी त्रिपुरा में हैं। वह फोन किए थे कि सर पिछली बार 2700 वोट से पीछे थे तो जिता दिए थे। इस बार तो 1600 वोट से पीछे थे तो क्या दिक्कत हो गया था।

वोट चोरी के विपक्ष के आरोपों को मिली हवा 

इस बयान के बाद सियासी हलचल मच गई है। खास बात यह है कि 2025 विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष लगातार वोट चोरी और चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाता रहा है। ऐसे में केंद्रीय मंत्री का यह बयान राजनीतिक गलियारों में नई बहस को जन्म दे रहा है। राजद ने भी इस वीडियो को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाया है।

आरजेडी ने कहा- भांडा अवश्य फूटेगा

आरजेडी ने जीतन राम मांझी के इस वीडियो को शेयर करते हुए एक लंबे कैप्शन में लिखा- ये भारत सरकार में कैबिनेट मंत्री, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री तथा हम पार्टी के संरक्षक जीतन राम मांझी हैं। जो खुले मंच से चुनाव  नतीजों में हेरा-फेरी, मशीनरी और धांधली से चुनाव जितने का शाही फॉर्मूला बता रहे हैं। राजद ने यह भी लिखा कि केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी इस बार 2025 चुनाव में टिकारी विधानसभा क्षेत्र से का चुनाव हारने तथा पिछला कारनामा ना दोहरा पाने पर अफसोस जता रहे हैं. अब कहां है बिकाऊ चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग? क्या यही है लोकतंत्र? राजद ने यह भी लिखा कि तुम्हारा भांडा अवश्य फूटेगा।

मांझी ने कहा- वीडियो में छेड़छाड़ की गई

सार्वजनिक मंच से मगही भाषा में दिए गए इस बयान के बाद अब चुनावी व्यवस्था और लोकतंत्र पर बहस तेज हो गई है। दूसरी ओर जीतन राम मांझी ने वायरल हो रहे वीडियो में छेड़छाड़ की बात कही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि मुसहर के लाल को बदनाम कर देंगे। मांझी ब्रांड हो चुका है, किसी से डरने वाला नहीं।

Share This Article