Bihar: कांग्रेस के लिए क्यों विलेन बन गए कांग्रेस प्रभारी अल्लावरू? बिहार चुनाव के बीच इस अहम पद से हटाया गया

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच कांग्रेस नेता कृष्णा अल्लावरू को झटका लगा है। कांग्रेस ने बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु को किनारे लगा दिया गया है। जिस कृष्णा अल्लावरू को कांग्रेस ने बड़ी उम्मीदों के साथ बिहार की जिम्मेदारी दी थी, वो सूबे में पार्टी के लिए मुसीबत बन गए। जिसके बाद कांग्रेस ने गुरुवार को कृष्णा अल्लावरू को यूथ कांग्रेस प्रभारी के पद से हटा दिया है। हालांकि, ये अलग बात है कि अल्लावरू से कहीं और का पद लिया गया, लेकिन इसे बिहार चुनाव का साइड इफेक्ट्स कहने से इनकार नहीं किया जा सकता।

अल्लावरू से कार्यकर्ताओं में नाराजगी

अल्लावरू वर्तमान में पार्टी के बिहार प्रभारी हैं। हालांकि, कांग्रेस ने कृष्णा अल्लावरु को यूथ कांग्रेस के प्रभारी पद से हटा कर मनीष शर्मा को इसकी जिम्मेदारी सौंप दी है। ये बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब अल्लावरू को बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं की नाराजगी झेलनी पड़ी। टिकट बंटवारे के बाद पार्टी में नाराजगी से लेकर आरजेडी से सीटों पर बात नहीं बनने के लिए उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।

टिकट बंटवारे के बाद शुरू हुआ विरोध

अल्लावरू को विरोध टिकट बंटवारे के बाद ही शुरू हो गया था। एक गुट ने तो उन्हें हटाने की मांग की। अल्लावरू पर पैसे लेकर टिकट देने के आरोप भी लगे। कांग्रेस नेता आनंद माधव ने कहा कि सीएम-डिप्टी सीएम तब बनेंगे, जब हम सरकार में आएंगे। कांग्रेस की वर्तमान स्थिति बहुत बुरी है। हम दहाई का आंकड़ा भी पार शायद न छू सकें। इसका मुख्य कारण कृष्णा अल्लावरू हैं, जिन्होंने बिहार में कांग्रेस को बर्बाद कर दिया है। राहुल गांधी का जो सपना था, वोटर अधिकार यात्रा के बाद ‘अबकी बार महागठबंधन की सरकार वह अब समाप्त हो गया है। इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने टिकट वितरण प्रक्रिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि कृष्णा अल्लावरू को तुरंत हटाया जाए तो डैमेज कंट्रोल संभव है।

गहलोत को मैदान में उतारना पड़ा

मामला हाथ से निकलता देख कांग्रेस को अपने सबसे अनुभवी नेता अशोक गहलोत को मैदान में उतारना पड़ा। राजस्थान के पूर्व सीएम गहलोत हालात संभालने के लिए बुधवार को पटना पहुंचे थे। उन्होंने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से मुलाकात की। जिसके बाद गुरूवार को महागठबंधन की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस किया गया। जिसमें तेजस्वी यादव को सीएम फेस का ऐलान किया गया।

Share This Article