बिहार के फर्जी UPSC टॉपर रंजीत कुमार, पहले बुला-बुलाकर सम्मान, अब हो रही फरार की तलाश

Neelam
By Neelam
3 Min Read

ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती आकांक्षा सिंह के यूपीएससी रिजल्ट में फर्जीवाड़े का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि शेखपुरा में भी इसी तरह का एक और मामला सामने आ गया है। रंजीत कुमार नाम के एक शक्स ने खुद को UPSC 2026 का टॉपर घोषित करते हुए 440वीं रैंक पाने का दावा ठोक दिया। फिर क्या था? पूरा गांव जश्न में डूब गया। UPSC टॉपर रंजीत कुमार को बुला-बुलाकर सम्मानित किया गया।

पूर्व विधायक ने किया सम्मान

शेखपुरा से राजद के पूर्व विधायक विजय सम्राट ने कथित तौर पर यूपीएससी टॉपर को नगद राशि और वीआईपी ब्रीफकेस देकर सम्मानित कर दिया। यही नहीं पंचायत के मुखिया सरफराज आलम से लेकर महुली थाना अध्यक्ष रामप्रवेश भारती फर्जी यूपीएससी टॉपर को सम्मानित कर दिया। पुलिस ने भी थाने बुलाकर रंजीत बाबू का जोरदार स्वागत किया। गांव के लोग भी खुशी से फुले नहीं समा रहे थे। बधाई देने के लिए दिन-रात लोग फर्जी यूपीएससी टॉपर के घर पर पहुंच रहे थे।

ऐसे खुली फर्जी यूपीएससी टॉपर की पोल

इसी बीच मंगलवार को सुबह राजद विधायक विजय सम्राट द्वारा फर्जी यूपीएससी टॉपर को सम्मानित करते हुए फोटो और वीडियो अपने फेसबुक आईडी से पोस्ट किया गया। फोटो में युवक का पहनावा और बॉडी लैंग्वेज देखकर कई लोगों ने शंका जाहिर कर दी। इसके बाद जब लोगों ने यूपीएससी का आधिकारिक परिणाम देखा तो मामला पूरी तरह पलट गया। लोगों ने यूपीएससी का आधिकारिक रिजल्ट देखा तो पता चला कि 440वीं रैंक पर किसी और अभ्यर्थी का नाम दर्ज है।

फर्जी यूपीएससी टॉपर फरार

फिर क्या था सूचना उसी थाने तक पहुंची जहां यूपीएससी टॉपर सम्मानित किए गए थे। जिले के महुली थाना अध्यक्ष ने फर्जी यूपीएससी टॉपर को एडमिट कार्ड लेकर थाने पर बुलाया। लेकिन वह थाने पर आने की बजाय भूमिगत हो गया। इसके बाद से वह इलाके में दिखाई नहीं दिया है।

कर्नाटक के ‘रंजीथ’ की रैंक पर दावा

शेखपुरा के रंजीत कुमार की सच्चाई तब सामने आई जब सोमवार शाम को कुछ लोगों ने UPSC की आधिकारिक लिस्ट खंगाली। पता चला कि 440वीं रैंक वास्तव में कर्नाटक के एक अभ्यर्थी रंजीथ को मिली है। शेखपुरा के रंजीत ने केवल नाम की समानता का फायदा उठाकर पूरे जिले को गुमराह किया। जैसे ही फर्जीवाड़े की पोल खुली, रंजीत अपना मोबाइल बंद कर गांव छोड़कर फरार हो गया।

Share This Article