पलामू। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के हुल्सी खुर्द गांव में चाँदी और सोने के आभूषण साफ करने के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने बिहार के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से महिला का मंगलसूत्र, चाँदी साफ करने में इस्तेमाल होने वाले रसायन, तीन मोटरसाइकिल और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 2 जून 2026 को दो युवक हुल्सी खुर्द गांव निवासी अनिता देवी के घर पहुंचे। उन्होंने खुद को आभूषण साफ करने का विशेषज्ञ बताते हुए महिला की चाँदी की अंगूठी साफ कर दिखाई। अंगूठी चमकने के बाद महिला का उन पर भरोसा बढ़ गया। इसी दौरान आरोपियों ने महिला से मंगलसूत्र भी साफ करने के लिए मांगा।
मंगलसूत्र लेने के बाद दोनों युवकों ने सफाई का नाटक किया और चालाकी से असली मंगलसूत्र अपने बैग में रख लिया। इसके बाद कागज में पाउडर और अन्य पदार्थ लपेटकर महिला को देते हुए कहा कि कुछ समय बाद इसे खोलने पर मंगलसूत्र पहले से ज्यादा चमकदार दिखाई देगा।
हालांकि महिला को उनकी गतिविधियों पर संदेह हो गया। उसने तत्काल शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर नौडीहा बाजार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तलाशी के दौरान आरोपी राहुल कुमार के बैग से महिला का मंगलसूत्र बरामद कर लिया।
पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चार और लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह दो-दो लोगों की टीम बनाकर बाइक से गांव-गांव घूमता था और लोगों को आभूषण साफ करने का झांसा देता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चाँदी के आभूषण साफ करने के दौरान उनका कुछ हिस्सा रसायनों की मदद से गलाकर अलग कर लेते थे और बाद में उसे बेच देते थे। वहीं अवसर मिलने पर सोने के आभूषण गायब करने या बदलने की कोशिश भी करते थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को घर पर आभूषण साफ करने के लिए न दें और ऐसे संदिग्ध लोगों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

