राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग में हुए विवाद के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। बिहार की राजधानी पटना में खान सर की कोचिंग खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले, पथराव और तोड़फोड़ के आरोप में गिरफ्तार किए गए रौशन आनंद ने इस पूरे घटनाक्रम को खान सर की एक सोची-समझी साजिश बताया।
रौशन आनंद ने दो लोगों का लिया नाम
पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर मंगलवार की रात हुए हमले के मामले में रौशन आनंद सहित तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है। बुधवार को पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि भी की गई। इस बीच गिरफ्तार होने वाले रौशन आनंद (ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर) की प्रतिक्रिया आई है। रौशन आनंद ने इस घटना के पीछे दो लोगों का नाम लिया है और कहा है कि साजिश की गई है।
किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक और खान सर पर गंभीर आरोप
दीघा थाना के बाहर बुधवार दोपहर ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद ने कहा कि उनके संस्थान के खिलाफ साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार पुलिस परीक्षा के बेहतर परिणामों के बाद उनकी संस्था को बदनाम करने और फंसाने की कोशिश की जा रही है। बिहार पुलिस परीक्षा के परिणाम आने के बाद हमें फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। रौशन आनंद ने दावा किया कि किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक और खान सर मिलकर ज्ञान बिंदु कोचिंग को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
गोलीबारी के दावे पर उठाए सवाल
रौशन आनंद ने घटना वाली रात खान सर द्वारा गोलीबारी होने के दावों का जवाब देते हुए कहा कि उस रात कोई गोलीबारी नहीं हुई थी और फायरिंग का आरोप पूरी तरह मनगढ़ंत और झूठा था। उन्होंने कहा, माहौल को गंभीर बनाने और मुझे सलाखों के पीछे भेजने के लिए ही गोली चलने की बात कही गई, जबकि सच्चाई यह है कि वहां ऐसी कोई वारदात हुई ही नहीं थी।
खान सर ने 10-12 राउंड फायरिंग का किया था दावा
बता दें कि घटना के तुरंत बाद खान सर ने मीडिया के सामने दावा किया था कि उनकी कोचिंग पर 10 से 12 राउंड फायरिंग की गई है। लेकिन पटना पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद खान सर अपने इस बयान से पलट गए और उन्होंने माना कि गार्ड से मिली गलत जानकारी के आधार पर उन्होंने गोली चलने की बात कह दी थी।

