जमशेदपुर पुलिस का एक्शन: टेल्को चापड़बाजी कांड का एक आरोपी दबोचा, फरार आरोपियों के लिए छापेमारी शुरू

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। हाल के दिनों में शहर के भीतर चापड़बाजी की घटनाओं में अचानक आई तेजी ने आम लोगों की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला टेल्को थाना क्षेत्र का है, जहां ट्रक पार्क के पास 31 मई को आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए एक किशोर (नाबालिग) को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

क्या है पूरा मामला?
​मिली जानकारी के अनुसार बिरसानगर जोन नंबर-15 के रहने वाले उत्कर्ष सिंह पर आरोपियों ने आपसी विवाद में चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में उत्कर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। लहूलुहान हालत में उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

इन आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुई FIR
​घायल उत्कर्ष सिंह की शिकायत के आधार पर टेल्को थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में सन्नी सिंह उर्फ नेपाली, आयुष यादव, प्रिंस यादव, राहुल, अर्जुन राम, आकाश यादव, चौहान और अन्य सहयोगी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस की कार्रवाई और शहर का माहौल
​घटना की गंभीरता को देखते हुए टेल्को थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और मामले से जुड़े एक किशोर को गिरफ्तार कर लिया। थाना पुलिस का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।

बता दें कि जमशेदपुर में पिछले कुछ दिनों से धारदार हथियारों (चापड़) के इस्तेमाल से होने वाले अपराधों में बढ़ोतरी हुई है। इस ट्रेंड से स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है। हालांकि पुलिस का दावा है कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

Share This Article