Bihar:बिहार के वोटर लिस्ट में विदेशियों के नाम, बड़ी संख्या में बांग्लादेश, म्यांमार और नेपाल के लोगों का नाम

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान चुनाव आयोग ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। चुनाव आयोग ने बताया कि बिहार में एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में बड़ी अनियमितता उजागर हुई है। सर्वेक्षण में बड़ी संख्या में भारत के बाहर के लोगों के नाम शामिल मिले हैं। मतदाता सूची में नेपाल, बांग्लादेश और म्यांमार के नागरिकों के नाम शामिल पाए गए हैं।चुनाव आयोग अब इन गैर-नागरिकों को मतदाता सूची से हटाने की कार्रवाई करेगा। इसको लेकर आयोग गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग करने जा रहा है।

अंतिम लिस्ट में अवैध प्रवासियों के नाम हट जाएंगे

चुनावी राज्य बिहार में एसआईआर के तहत घर-घर जाकर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को नेपाल, बांग्लादेश और म्यांमार से बड़ी संख्या में लोग आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और राशन कार्ड के साथ मिले हैं। चुनाव से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि पूरी जांच के बाद 30 सितंबर को प्रकाशित होने वाली अंतिम वोटर लिस्ट में अवैध प्रवासियों के नाम शामिल नहीं किए जाएंगे। रिपोर्ट का हवाला देते हुए, चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि घर-घर जाकर की गई जांच के दौरान बूथ स्तर के अधिकारियों को बड़ी संख्या में नेपाल, बांग्लादेश और म्यांमार के लोग भी मिले हैं।

अप्रवासियों के पास आधार-राशन कार्ड भी

निर्वाचन आयोग के सूत्रों के अनुसार, घर-घर सत्यापन के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर्स ने नेपाल, बांग्लादेश और म्यांमार के नागरिकों के नाम मतदाता सूची में पाए जिनके पास आधार, राशन कार्ड और अन्य दस्तावेज भी थे। खासकर सीमांचल क्षेत्र (किशनगंज, अररिया, कटिहार, पूर्णिया) में ऐसे मामले ज्यादा पाए गए हैं जहां जनसंख्या में असामान्य वृद्धि और आधार कार्ड की 126% तक पहुंच जाने के कारण सवाल खड़े हुए हैं।

30 सितंबर को जारी होगी अंतिम सूची

बता दें कि चुनाव आयोग ने 7.9 करोड़ मतदाताओं में से 6.32 करोड़ एन्यूमरेशन फॉर्म्स इकट्ठे कर किए हैं जो 80% से अधिक है। आगामी 1 अगस्त को ड्राफ्ट सूची प्रकाशित होने के बाद 30 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी और 30 सितंबर 2025 को अंतिम सूची जारी होगी।

Share This Article