‘जेईई एडवांस्ड 2026’ ने अपना रिजल्ट जारी कर दिया है। गया जिले के शुभम कुमार ने इस रिजल्ट के साथ इतिहास रच दिया है। नथरागंज स्थित ब्राह्मणी घाट निवासी शुभम ने जेईई (एडवांस्ड) 2026 में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की है। शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक हासिल किया है।
दोनों सत्रों में 100 पर्सेंटाइल स्कोर किया
शुभम IIT दिल्ली जोन के छात्र हैं। जेईई एडवांस्ड टॉपर शुभम कुमार मूल रूप से बिहार के गया जिले के रहने वाले हैं। साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर शुभम ने अपनी लगन, मेहनत और अटूट संकल्प के दम पर देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में टॉप रैंक हासिल की है। इससे पहले भी उन्होंने JEE Main 2026 के दोनों सत्रों में 100 पर्सेंटाइल स्कोर कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।
माता-पिता और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
बिहार के गया स्थित ब्रिटिश इंग्लिश स्कूल के पूर्व छात्र रहे शुभम ने अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। शुभम के पिता शिव कुमार का गया में ही हार्डवेयर का व्यवसाय है। जबकि मां कंचन देवी गृहिणी हैं। शुभम फिलहाल कोटा में रहकर अपनी तैयारी कर रहा है।
6-8 घंटे की पढ़ाई से रचा इतिहास
शुभम ने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान वह रोजाना करीब 6 से 8 घंटे सेल्फ-स्टडी करते थे। क्लास में पढ़ाए गए विषयों को वह उसी दिन दोबारा पढ़ते थे और समय-समय पर उनका नियमित रूप से रिवीजन भी करते रहते थे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का लगातार अभ्यास उनकी तैयारी का अहम हिस्सा था। साथ ही, जिन विषयों में वह खुद को कमजोर महसूस करते थे, उन पर विशेष ध्यान देते थे। शुभम ने कहा कि तैयारी के दौरान कभी-कभी दबाव जरूर महसूस होता था, लेकिन उन्हें अपनी मेहनत और क्षमता पर पूरा भरोसा था। यही आत्मविश्वास उनकी सफलता की सबसे बड़ी वजह बना।
शुभम ने बताई भविष्य की योजना
भविष्य की योजनाओं के बारे में बात करते हुए शुभम ने कहा कि वह IIT मुंबई के कंप्यूटर साइंस (CS) विभाग से बीटेक करना चाहते हैं। शुभम कुमार का सपना है कि वे आगे चलकर कोडिंग और सॉफ्टवेयर की दुनिया में कुछ ऐसा बड़ा और इनोवेटिव काम करें जिससे उनके देश का नाम पूरी दुनिया में ऊंचाइयों पर पहुंचे।

