धनबाद में खून-खराबे की साजिश नाकाम, प्रिंस खान गिरोह का शूटर पिस्टल संग गिरफ्तार

KK Sagar
2 Min Read

व्यापारी पर हमले की थी योजना

पुलिस की सतर्कता से सोमवार देर रात शहर में एक बड़ी वारदात टल गई। वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी प्रिंस खान का शूटर बलियापुर के रास्ते धनबाद आ रहा है और किसी व्यापारी पर गोली चलाने की साजिश रची गई है।

दामोदरपुर में चेकिंग, शूटर धराया

सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में दामोदरपुर क्षेत्र में देर रात चेकिंग अभियान चलाया गया। रात करीब 9 बजे पुलिस ने हिरो एचएफ मोटरसाइकिल पर सवार रबीउल इस्लाम उर्फ मोटा, निवासी- राजाबांध, जिला-सरायकेला-खरसावाँ को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 38 बोर का छः चक्रीय पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

शहाबुद्दीन हत्याकांड में निभाई थी भूमिका

पकड़े गए अपराधी रबीउल ने पूछताछ में कबूल किया कि वह प्रिंस खान और गोपी खान के लिए काम करता है। उसने अक्टूबर 2024 में शहाबुद्दीन सिद्धीकी हत्याकांड में मोटरसाइकिल चालक की भूमिका निभाई थी। साथ ही वह चक्रधरपुर और ओडिशा के बड़वील इलाके में हुई हत्या और रंगदारी मामलों में भी वांछित है।

Advertisement

ऋतिक खान ने मुहैया कराए थे हथियार

रबीउल ने खुलासा किया कि ऋतिक खान ने ही उसे मोटरसाइकिल और पिस्टल उपलब्ध कराया था, ताकि वह धनबाद के व्यापारी की हत्या कर सके। लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वारदात होने से पहले ही शूटर को धर दबोचा गया।

मामला दर्ज, चाईबासा पुलिस का सहयोग

इस पूरे प्रकरण में प्रिंस खान, गोपी खान, ऋतिक खान और रबीउल इस्लाम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस अभियान में चाईबासा पुलिस का सहयोग बेहद सराहनीय रहा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....