पटना में अपराध की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित संप हाउस के पास देर रात एक सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया गया। जहां छड़-गिट्टी के बड़े व्यवसायी पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में 40 वर्षीय दिलीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल कारोबारी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) विधायक श्याम रजक के करीबी माने जाते हैं।
पहले से घात लगाकर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, तीन की संख्या में आए बदमाशों ने पहले से घात लगाकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। यह घटना शिवपुरी इलाके में जीएम अपार्टमेंट के पास, शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि जीएस एंक्लेव अपार्टमेंट के अंदर पार्किंग में दो अपराधी घुस आए और उन्होंने दिलीप कुमार सिंह पर गोली चला दी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
कारोबारी दिलीप सिंह की हालत गंभीर
घायल कारोबारी दिलीप सिंह को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी शुरुआती हालत गंभीर बताई गई। बताया जा रहा है कि जिस वक्त दिलीप सिंह को गोली मारी गई, उस वक्त वो अपने ऑफिस से लौटकर अपने अपार्टमेंट में जा रहे थे। दिलीप सिंह जैसे ही अपनी गाड़ी से उतर कर अपार्टमेंट में लिफ्ट की तरफ बढ़े, वैसे ही घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली दिलीप सिंह के पेट में लगी। इसके बाद उन्हें पटना के रूबन अस्पताल में दाखिल कराया गया।
पुलिस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद पुलिस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
श्याम रजक के करीबी मित्र
दिलीप सिंह शहर के जाने-माने कारोबारी बताए जाते हैं। वे निर्माण और इंडस्ट्रियल सेक्टर से जुड़ी बड़ी कंपनियों को मैटेरियल सप्लाई करने का काम करते हैं। दिलीप सिंह का स्थानीय व्यापारिक हलकों में अच्छा नेटवर्क माना जाता है। साथ ही वे जदयू विधायक श्याम रजक के करीबी मित्र भी बताए जा रहे हैं, जिस वजह से इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल बढ़ा दी है।

