CBSE Board 10th Toppers 2025: जानिए जमशेदपुर टॉप 5 को, रिजल्ट ने बढ़ाया डीएवी का मान, चिन्मया ने भी रखी लाज

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं कक्षा के परिणामों की घोषणा कर दी है और जमशेदपुर के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का डंका बजाया है। शहर के टॉपर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल अपने स्कूलों बल्कि पूरे शहर का नाम रोशन किया है। इस साल डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर की इनिका कर ने 98.60% अंकों के साथ शहर में पहला स्थान हासिल किया है।

जमशेदपुर के टॉप फाइव और उनके स्कूल
इनिका कर – 98.60% – डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर
संजना कुमारी – 98.40% – डीएवी पब्लिक स्कूल, एनआईटी
स्वरूप विशाल यादव – 98.20% – डीएवी पब्लिक स्कूल, एनआईटी
मान्या कांत – 98.20% – विद्या भारतीय चिन्मय, टेल्को
वेदांत राज त्रिवेदी – 98.00% – डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर
इसके अलावा, समृद्धि (98.00%, डीएवी बिष्टुपुर), जियासा (98.00%, डीएवी एनआईटी), और विनय के श्रीधर (97.80%, सेंट मेरीज इंग्लिश हाई स्कूल, बिष्टुपुर) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

टॉपर्स की प्रतिक्रिया
शहर की टॉपर इनिका कर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों, माता-पिता और नियमित पढ़ाई को दिया। उन्होंने कहा कि मैं बहुत खुश हूं और मेरे शिक्षकों का मार्गदर्शन मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण रहा। मैं भविष्य में विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हूं। वहीं, संजना कुमारी ने कह कि कड़ी मेहनत और समय प्रबंधन ने मुझे यह मुकाम हासिल करने में मदद की।

स्कूलों के लिए गर्व का पल
डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर और एनआईटी के प्राचार्यों ने अपने छात्रों के प्रदर्शन पर गर्व जताया। डीएवी बिष्टुपुर के प्राचार्य ने कहा कि हमारे छात्रों ने कड़ी मेहनत और समर्पण से यह उपलब्धि हासिल की है। यह पूरे स्कूल के लिए गर्व का क्षण है। सेंट मेरीज इंग्लिश हाई स्कूल और विद्या भारतीय चिन्मय के शिक्षकों ने भी अपने छात्रों की मेहनत की सराहना की।

शहर में खुशी की लहर
जमशेदपुर के इन होनहारों के प्रदर्शन ने न केवल उनके परिवारों बल्कि पूरे शहर को गौरवान्वित किया है। अभिभावकों और शिक्षकों का कहना है कि इन छात्रों ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया है कि सही दिशा में किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता। जमशेदपुर निवासी व शिक्षाविद् कविता सिंह बताती हैं कि सीबीएसई 10वीं व 12वीं के परिणामों ने एक बार फिर जमशेदपुर को शैक्षणिक उत्कृष्टता के नक्शे पर उभारा है। इन छात्रों की सफलता भविष्य के लिए प्रेरणा का काम करेगी।

Share This Article