डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 12वीं कक्षा के परिणामों की घोषणा कर दी है और जमशेदपुर के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा से शहर का नाम रोशन किया है। साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स स्ट्रीम में शहर के टॉपर्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल अपने स्कूलों बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल बनाया है।
साइंस स्ट्रीम: टॉप 3
साइंस स्ट्रीम में विद्या भारती चिन्मय, टेल्को के अमितेश दास ने 98.2% अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर रमन भारद्वाज (विद्या भारती चिन्मय, टेल्को), आर्यन मिश्रा (डीएवी बिष्टुपुर), और रूशिल कुमार (डीएवी बिष्टुपुर) ने 97.6% अंकों के साथ संयुक्त रूप से कब्जा जमाया। तीसरे स्थान पर सात्विन शिवेन (बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल, कदमा) और अश्विनी कुमार (सेंट मेरीज इंग्लिश हाई स्कूल, बिष्टुपुर) ने क्रमशः 97.2% और 97.0% अंकों के साथ अपनी जगह बनाई।
कॉमर्स स्ट्रीम: टॉप 3
कॉमर्स स्ट्रीम में वंशिका ने सेंट मेरीज इंग्लिश हाई स्कूल, बिष्टुपुर से 97.8% अंकों के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर उसी स्कूल के केशव गनेरीवाल ने 97.6% अंकों के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज की, जबकि जिया कुमार (डीएवी एनआईटी) ने 97.2% अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
आर्ट्स स्ट्रीम: टॉप 3
आर्ट्स स्ट्रीम में डीएवी बिष्टुपुर की कौशिकी पाठक ने 98.2% अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। रिद्धिमा सिन्हा (बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल, कदमा) ने 98.0% अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि आलोयना सेन (विद्या भारती चिन्मय, टेल्को) ने 97.2% अंकों के साथ तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया।
टॉपर्स की मेहनत और प्रेरणा
साइंस टॉपर अमितेश दास ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि मैंने रोजाना 5-6 घंटे पढ़ाई की और एनसीईआरटी की किताबों पर विशेष ध्यान दिया। मेरा लक्ष्य आईआईटी में प्रवेश लेकर इंजीनियरिंग में करियर बनाना है। कॉमर्स टॉपर वंशिका ने कहा कि मेरे माता-पिता और शिक्षकों का समर्थन मेरे लिए सबसे बड़ा प्रोत्साहन रहा। मैं चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहती हूं। आर्ट्स टॉपर कौशिकी ने अपनी रणनीति साझा करते हुए कहा कि नोट्स बनाना और पिछले साल के प्रश्नपत्र हल करना मेरे लिए बहुत फायदेमंद रहा।
स्कूलों में उत्सव का माहौल
डीएवी बिष्टुपुर, विद्या भारती चिन्मय, सेंट मेरीज इंग्लिश हाई स्कूल, और बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल के प्राचार्यों ने अपने छात्रों के प्रदर्शन पर गर्व जताया। डीएवी बिष्टुपुर के प्राचार्य ने कहा कि हमारे छात्रों ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ यह मुकाम हासिल किया है। यह हमारे शिक्षकों की मेहनत का भी परिणाम है। सेंट मेरीज इंग्लिश हाई स्कूल के प्राचार्य ने कहा कि हमारे छात्रों ने सभी स्ट्रीम में शानदार प्रदर्शन किया है, जो हमारी शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है।